कृषि वैज्ञानिकों की सलाह से बढ़ेगी आय, जैविक खेती को अपनाएं : रामपाल सिंह

विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत सुल्तानगंज में हुआ कृषक जागरूकता कार्यक्रम
बेगमगंज। सुल्तानगंज में विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह राजपूत रहे। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान भोपाल से आए कृषि वैज्ञानिक दुष्यंत सिंह ने किसानों को आधुनिक कृषि मशीनरी की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सोयाबीन से दूध एवं पनीर बनाने की विधि समझाकर स्वरोजगार की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र नकतरा से आए वैज्ञानिक आलोक सूर्यवंशी ने नवीनतम कृषि तकनीकों, मिट्टी परीक्षण, जल संरक्षण एवं जैविक खेती की उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की।
पूर्व मंत्री रामपाल सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि “खेतों की उर्वरक क्षमता बढ़ाने हेतु मृदा परीक्षण आवश्यक है। संतुलित खाद का उपयोग कर, रासायनिक खाद से दूरी और जैविक खाद को अपनाने से न केवल फसल की गुणवत्ता बढ़ेगी, बल्कि भूमि की उपजाऊ शक्ति भी बनी रहेगी।” उन्होंने किसानों से कृषि वैज्ञानिकों की सलाह अनुसार खेती करने का आग्रह करते हुए कहा कि सरकार द्वारा किसानों को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन की व्यवस्था की जा रही है, जिसका भरपूर लाभ उठाएं। कार्यक्रम के अंत में पूर्व मंत्री रामपाल सिंह सहित जनप्रतिनिधियों ने वृक्षारोपण किया।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि पुष्पेंद्र सिंह ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, जिला पंचायत सदस्य राजा दिग्विजय सिंह एवं मोहित लोधी, मंडल अध्यक्ष हरिराम यादव, नथ्थू सिंह बड़े भैया, देशराज सिंह तोमर, अनिरुद्ध सिंह ठाकुर, राजकुमार यादव, बलराम सिंह ठाकुर, अजय जाट, जगदीश लोधी, भगवान सिंह सोलंकी, डेलन सिंह ठाकुर, जयकुमार जैन, नंदन व्यास एवं सुल्तानगंज मीडिया प्रभारी विनीत खरे सहित बड़ी संख्या में कृषक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



