मध्य प्रदेश

संदिग्ध हालात में महिला की मौत, घर में आग लगने से मचा हड़कंप

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेहरी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर में आग लगने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान हल्की यादव के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घर में अचानक आग लगने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। आग पर काबू पाने के बाद जब अंदर देखा गया, तो चारे-भूसे के बीच महिला का जला हुआ शव मिला।
ग्रामीणों ने बताया कि शव की स्थिति बेहद संदिग्ध थी—महिला का मुंह बंधा हुआ था और एक हाथ कटा हुआ पाया गया। इस स्थिति ने घटना को और भी रहस्यमय बना दिया है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों के अनुसार, महिला के बेटे संतोष पर शक जताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, वहीं पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ पाएगी।

Related Articles

Back to top button