महिलाओं ने अपनी मेहनत और लगन से सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं- स्वास्थ्य मंत्री
महिलाओं के कारण ही घर-परिवार और समाज खुशहाल तथा प्रगतिशील बनता है- स्वास्थ्य मंत्री
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कलेक्ट्रेट कार्यालय के पार्क में कार्यक्रम सम्पन्न
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। महिलाएं हमारे समाज की धूरी है। महिला सशक्तिकरण के बिना कोई राष्ट्र या समाज आगे नहीं बढ़ सकता है। भारत में अत्यंत प्राचीन काल से ही माँ, बहन और बेटी का स्थान सबसे ऊपर रहा है। महिलाओं की ममता और मातृत्व जैसे गुणों के कारण ही घर-परिवार, समाज और राष्ट्र खुशहाल, संस्कारवान और प्रगतिशील बनता है। यह बात स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर के पार्क में आयोजित कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन और दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शुरू से ही प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बनी रही है। महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दिया है चाहें शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, सुरक्षा, ज्ञान-विज्ञान का क्षेत्र हो। महिलाओं ने अपनी मेहनत से सफलता और बलबूते की दम पर समाज में नए आयाम स्थापित किए गए हैं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी कहीं अधिक है। महिला अधिकारी, कर्मचारी, डॉक्टर, एएनएम, नर्स सभी पूरी लगन और सेवाभाव से उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश, आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की ओर आगे बढ़ रहा है और यह महिलाओं की भागीदारी के बिना संभव नहीं है। प्रदेश में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं, कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। अनेक स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने प्रदेश ही नहीं भारत देश में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि महिलाएं आज ना सिर्फ स्वयं आत्मनिर्भर हो रही हैं बल्कि दूसरे लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा रही हैं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को पेयजल के परेशान ना होना पड़े। इसके लिए शिवराज सरकार द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक घर में नल से जल प्रदाय करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा बेटी बचाओ अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नि:शुल्क रसोई गैस कनेक्शन, नि:शुल्क राशन, हर घर में शौचालय तथा बेटियों की पढ़ाई के लिए अनेक योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में लाड़ली लक्ष्मी योजना, बेटियों को पढ़ाई के लिए नि:शुल्क साइकिल एवं पाठ्य-पुस्तकों का वितरण, गाँव की बेटी योजना, प्रतिभा किरण योजना और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए कई अभियान संचालित है।
कार्यक्रम में कलेक्टर अरविन्द कुमार दुबे ने कहा कि सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले में प्रशासनिक दृष्टि से कई महत्वपूर्ण पदों पर महिला अधिकारी कर्मचारी पदस्थ हैं और पूरी मेहनत लगन, से दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। महिला अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा शासन की सभी वर्गो के लिए संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों का क्रियान्वयन अधिक संवेदनशीलता के साथ और अधिक बेहतर रूप से किया जाता है।
महिलाओं को किया गया सम्मानित…
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी द्वारा महिला अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्व-सहायता समूह की महिलाओं को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं तथा स्व-सहायता समूह के तहत महिलाओं को ऋण वितरण भी किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने महिला सुरक्षा पोस्टर का किया विमोचन….
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी, कलेक्टर अरविन्द कुमार दुबे तथा जिला पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल द्वारा महिला सुरक्षा पोस्टर का विमोचन किया गया। साथ ही उन्होंने, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा द्वारा महिलाओं को समर्पित कर लिखी गई कविता का भी विमोचन किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने पोषण प्रदर्शनी का किया अवलोकन….
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम के दौरान महिला बाल विकास विभाग द्वारा लगाई गई पोषण प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया।
अपराजिता मार्शल आर्ट प्रशिक्षण का शुभारंभ….
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में किशोरी बालिकाओं के लिए अपराजिता प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। अपराजिता कार्यक्रम के तहत जिले की 150 किशोरी बालिकाओं को जूडो, कराटे, ताईक्वांडो, बॉक्सिंग एवं कुश्ती में दस दिन का मास्टर ट्रेनर दिनेश दिवाकर द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण महिला बाल विकास विभाग और खेल विभाग के समन्वय से दिया जा रहा है। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शहवाल, अपर कलेक्टर आदित्य कुमार रिछारिया, जिला पंचायत सीईओ
पीसी शर्मा, सिलवानी एसडीएम संघमित्रा बौद्ध, रायसेन एसडीएम एलके खरे, अतिरिक्त तहसीलदार पलक पीड़िहा शिवांगी खरे पीआरओ सुश्री अनुभा सिंह एसडीओपी अदिति भावसार, जिला महिला बाल विकास अधिकारी दीपक संकत सहित अन्य अधिकारी, महिलाएं उपस्थित रहीं।कार्यक्रम का संचालन सीईओ शर्मा और समाजसेविका ममता दुबे ने किया। अंत में आभार माना आबकारी आयुक्त दीपम रायचुरा ने।
कार्यक्रम की झलकियां… झलकियां
जहां कार्यक्रम चल रहा था गर्मी उमस से पंडाल में कुर्सीयों पर बैठे गर्मी से हाल बेहाल रहे।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे एक प्रशासनिक अधिकारी ने कई शादीशुदा महिलाओं को भी सम्मान में मंच पर बुलाने सुश्री शब्द से संबोधित कर आमंत्रित किया।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम ससुराल पक्ष से प्रताड़ित एक अबला नारी को आवेदन देने जाने से एक राजस्व अधिकारी ने मंच पर जाने हाथ पकड़कर रोका। बाद में मंत्री महोदय ने रोते बिलखती उस महिला की सुनवाई करते हुए एसडीओपी रायसेन अदिति भावसार को आदेश दिए।
यह कार्यक्रम पूरे 4 घण्टे तक चला जो बीच में काफी उबाऊ साबित हुआ।






