सचिव मांग रहा था कुएं की राशि डालने के नाम पर तीन हजार की रिश्वत, लोकायुक्त ने पकड़ा
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
सागर । एमपी में में रिश्वत लेने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सागर जिले में एक पखवाड़े के अंदर लोकायुक्त की टीम तीन प्रकरण बना चुकी है। गुरुवार को लोकायुक्त सागर की टीम ने बंडा जनपद पंचायत के पटकुई हनौता ग्राम पंचायत में ग्राम पंचायत सचिव देवीसिंह यादव को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। सचिव मनरेगा योजना के कपिलधारा कुआं के एक हितग्राही को पचास हजार रुपये की राशि डालने के लिए रुपये मांग रहा था।
लोकायुक्त निरीक्षक केपीएस बेन ने बताया बंडा तहसील के पटकोई हनोता निवासी चंद्रकुमार अहिरवार की मां के नाम कपिल धारा योजना के तहत कुआं स्वीकृत हुआ था। कुएं की दो किस्त मिल चुकी थी। तीसरी किस्त पचास हजार रुपये मिलना थी। इसके लिए चंद्रकुमार कई दिन से ग्राम पंचायत सचिव के चक्कर काट रहा था। पंचायत सचिव 50 हजार रुपये के बदले 10 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहा था। बतौर रिश्वत 5000 में सौदा तय हुआ। इसकी खबर चंद्रकुमार ने लोकायुक्त पुलिस को दी। पुलिस ने तीन हजार रुपये बतौर रिश्वत देने के लिए चंद्रकुमार को सचिव 49 वर्षीय देवीसिंह यादव पिता पूरनलाल यादव के पास भेजा। जैसे ही सचित देवी सिंह ने काम के बदले तीन हजार रुपये लिए टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई करने वाले दल में उप पुलिस अधीक्षक मंजू सिंह, निरीक्षक केपीएस बेन, निरीक्षक रंजीत सिंह प्रधान आरक्षक महेश हजारी, प्रधान आरक्षक अजय क्षेत्री आरक्षक सुरेन्द्र प्रताप सिंह, आरक्षक राघवेन्द्र सिंह आदि मौजूद थे।



