अवैध शराब के विरोध में महिलाओं ने किया चक्काजाम, कार्यवाई की मांग पर अड़ी ग्रामीण महिलाएं

पौड़ी खिरवा में मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन, पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र में कथित अवैध शराब बिक्री के खिलाफ शुक्रवार सुबह पोड़ी खिरवा में ग्रामीण महिलाओं का आक्रोश सामने आया । बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्य मार्ग पर एकजुट होकर चक्काजाम कर दिया । महिलाओं के हाथों में बैनर और तख्तियां थीं, जिन पर अवैध शराब बिक्री बंद करने और आबकारी विभाग से कार्रवाई की मांग संबंधी नारे लिखे थे ।
चक्काजाम के चलते मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई । बस, ट्रक और दोपहिया वाहन चालक काफी देर तक जाम में फंसे रहे । प्रदर्शन की सूचना मिलने पर ढीमरखेड़ा थाना पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया ।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने क्षेत्र में कथित रूप से चल रही अवैध शराब की पैकारी पर तत्काल रोक लगाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की । महिलाओं का कहना था कि शिकायतों के बावजूद यदि अवैध शराब की बिक्री जारी रहती है तो इससे गांवों के सामाजिक वातावरण के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है । महिलाओं ने कार्रवाई का लिखित आश्वासन मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही ।
विधायक की शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
ग्रामीणों ने बताया कि बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह द्वारा पूर्व में पुलिस अधीक्षक को अवैध शराब बिक्री के संबंध में शिकायत दी गई थी । प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद संबंधित शराब ठेकेदार के खिलाफ अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसे लेकर ग्रामीणों ने पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
सस्ती शराब की बिक्री को लेकर भी चिंता
प्रदर्शनकारियों ने हाल में सागर जिले में अवैध शराब से जुड़े हादसे का हवाला देते हुए क्षेत्र में शराब की बिक्री और उसकी गुणवत्ता की निगरानी को लेकर चिंता जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि सागर की घटना के बाद ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र में कुछ स्थानों पर देशी शराब कथित तौर पर कम कीमत में बेची गई । इतनी कम कीमत पर शराब उपलब्ध होने को लेकर ग्रामीणों ने इसकी वैधता और गुणवत्ता की जांच की मांग की है ।
महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में शराब की दुकानों और अवैध बिक्री की नियमित जांच कराई जाए तथा यदि कहीं नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए । प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने चेतावनी दी कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा ।



