ढीमरखेडा में नव निर्मित ई-सेवा एवं सुविधा केंद्र का ई वर्चुअल लोकार्पण
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । व्यवहार न्यायालय ढीमरखेडा में ई-सेवा केंद्र का शुभारंभ हुआ । जिससे पक्षकारों और ग्रामीणों को इससे जुडी सुविधाओं का लाभ मिलेगा । माननीय न्यायमूर्ति रवि मलिमठ मुख्य न्यायाधिपति मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के करकमलों एवं माननीय न्यायमूर्ति संजय द्विवेदी न्यायाधिपति म.प्र. उच्च न्यायालय जबलपुर (मान्. पोर्टफोलियो न्यायाधिपति) के साथ मान् उच्च न्यायालय मुख्यपीठ जबलपुर के सभी न्यायाधिपतियों की उपस्थिति में उक्त केंद्र का वर्चुअल शुभारम्भ किया गया ।
इस दौरान व्यवहार न्यायाधीश रमाकांत भारके, एसडीएम विंकी सिंहमारे, अधिवक्ता राजेन्द्र पटेल, राजकुमार प्यासी, राजेश प्यासी, जितेन्द्र गौतम, असाटी, मनमोहन मिश्रा, राजेश उरमलिया, ज्ञानचंद राय आदि अधिवक्ता उपस्थित रहे । उल्लेखनीय है ई-सेवा केंद्र का निर्माण दूरदराज/ग्रामीण स्थान से आने वाले पक्षकारों और आम जनता की सुलभ सुविधा के लिये किया गया है । जहां वे न्यायालय परिसर में स्थित केंद्र पर अपने न्यायालयीन प्रकरणों की अद्यतन निःशुल्क जानकारी एक क्लिक में प्राप्त कर सकेंगे । न्यायालय के प्रत्येक कार्य दिवस में पक्षकारगण इन सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं । जैसे अपने प्रकरण की स्थिति, सुनवाई की अगली तिथि एवं अन्य विवरण के संबंध में पूछताछ प्रमाणित प्रतियों एवं ऐसी अन्य फाईलिंग के लिये ऑनलाईन आवेदन तथा ई-फाइलिंग, जेल में बंद संबंधियों से भेंट के लिये “ई-मुलाकात” बुक करने को सुगम बनाना, वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से न्यायालय में सुनवाई की व्यवस्था एवं आयोजन करने की पद्धति को समझना तथा ई-मेल, व्हाट्सएप अथवा किसी अन्य उपलब्ध साधन के माध्यम से न्यायिक आदेशों /निर्णयों की सॉफ्ट कॉपी प्राप्त कर सकते है ।



