खेल

सांईखेड़ा में राज्य स्तरीय चौपड़ प्रतियोगिता का विधायक ने किया शुभारंभ

स्व. साहब सिंह सौगर पटेल की स्मृति में दो दिवसीय आयोजन शुरू विजेताओं को मिलेंगे 25 हजार से अधिक के आकर्षक नकद पुरस्कार
सिलवानी । सिलवानी के सांईखेड़ा स्थित श्री लक्ष्मीनारायण बड़ा मंदिर प्रांगण में स्वर्गीय साहब सिंह सौगर पटेल की स्मृति में आयोजित दो दिवसीय विशाल राज्य स्तरीय चौपड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को सिलवानी विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र पटेल ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।
शुभारंभ अवसर पर विधायक देवेंद्र पटेल ने खिलाड़ियों एवं आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पारंपरिक खेल हमारी संस्कृति और विरासत की पहचान हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण अंचलों की खेल प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। चौपड़ जैसे पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन सराहनीय पहल है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। इसमें प्रथम पुरस्कार 25,001 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 15,001 रुपये, तृतीय पुरस्कार 10,001 रुपये एवं चतुर्थ पुरस्कार 5,001 रुपये रखा गया है। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे चौपड़ खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन का उद्देश्य स्वर्गीय साहब सिंह सौगर पटेल की स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के साथ ही पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित करना और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।
प्रतियोगिता की आयोजन समिति में श्रीराम सिंह पटेल सांईखेड़ा, सीताराम रघुवंशी खमरिया, राजेश कौरव बूढ़ा संदीप कौरव बूढ़ा, व्रजेन्द्र रघुवंशी सिमरिया, राजकुमार रघुवंशी दैनी एवं कमलेश रघुवंशी सांईखेड़ा शामिल हैं। समिति द्वारा प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित रहे बीरेंद्र सिंह रघुवंशी, केदार सिंह रघुवंशी, जितेंद्र रघुवंशी, विक्रम रघुवंशी आदि।

Related Articles

Back to top button