फारेस्ट टीम पर हमला मामले में 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
आरोपियों पर वन विभाग एवं पुलिस द्वारा पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज
गिरफ्तार आरोपी को छुड़ाने ग्राम खान बरेली में वन माफियाओं के द्वारा वन कर्मचारियों पर हमले में 7 वन कर्मचारी हुए थे घायल
पुलिस की तत्परता से हमला करने बाले 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
सिलवानी । 18 मई 2023 को वन मण्डलाधिकारी सामान्य वन मण्डल रायसेन एवं उप वनमण्डलाधिकारी सामान्य सिलवानी के निर्देशन में वन परिक्षेत्र अधिकारी पश्चिम सिलवानी (सा.) महेन्द्र कुमार पालेचा मुखबिरी की सूचना के आधार पर बीट खमरिया के पुरानेपानी नाले पर वन अमले के साथ दो वाहनों से पहुँच कर वन क्षेत्र में सर्चिंग की जिसमें ग्राम खमरिया के पास 1 मोटर साईकिल पर 4 लकड़ी लेकर एक व्यक्ति परिवहन कर रहा था जिसे रोककर पूछताछ की गई व्यक्ति ने अपना नाम फरहान पुत्र गफ्फार निवासी खान बरेली बताया। व्यक्ति को पकड़कर शासकीय उड़नदस्ता से मय आरोपी वनोपज सहित् मोटर साईकिल को लेकर सिलवानी आ रहे थे कि इतने में जंगल क्षेत्र से 1 मोटर साईकिल ओर आती हुई दिखाई दी मोटर साईकिल पर एक बोरी लेकर आ रहा था जिसने वन अमले को देखकर अपना रास्ता बदल कर पगडंडी पर अपनी मोटर साईकिल से भागने लगा जिसका पीछा किया तो उसने अपने मोटर साईकिल पर रखी एक बोरी जंगल में फेंककर भाग गया। बोरी को खोल कर देखा तो उसमें वन्य प्राणी (सांभर) का सींग था। जिसे मौके पर जप्त कर वन अमला सिलवानी वापिस आ रहा था ग्राम खान बरेली में 40 से 50 लोगों ने वन कर्मचारियों पर लाठी, डंडों, कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। परिक्षेत्र अधिकारी पश्चिम सिलवानी के द्वारा त्वरित थाना प्रभारी सिलवानी भारत सिंह को मोबाईल पर हमले की सूचना दी गई। थाना प्रभारी के द्वारा तत्काल पुलिस बल को साथ लेकर मौका स्थल पर पहुँच कर स्थिति को नियंत्रण कर वन अमले पर हमला करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जाकर सिलवानी थाना लेकर आये। वन अमले पर हमला करने वाले आरोपियों के विरूद्ध पुलिस थाना सिलवानी में एफआईआर दर्ज कराई गई।
आरोपियों के विरूद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 की धाराओं एवं वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के अंतर्गत वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध किया जाकर प्रकरण की जॉच जारी है। जप्ती कार्य में महेन्द्र कुमार पालेचा परिक्षेत्र अधिकारी पश्चिम सिलवानी एवं पुलिस थाना प्रभारी सिलवानी भारत सिंह एवं पुलिस बल सिलवानी, वन कर्मचारी अशोक कुमार वर्मा वनपाल, गोवर्धन शर्मा वन रक्षक, अखिलेश रजक, हरनारायण सिंह, वृंदावन त्रिपालिया, आकाश तिवारी, वाहन चालक धर्मेन्द्र लोधी का विशेष योगदान रहा है।


