महर्षि आश्रम करौंदी में 24 वर्षीय युवक ने लगाई फांसी, पुलिस जांच में जुटी

रिपोर्टर: सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान थाना क्षेत्र अंतर्गत महर्षि आश्रम करौंदी में एक 24 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाए जाने का मामला सामने आया है । मृतक की पहचान आदर्श शर्मा के रूप में हुई है, जो दतिया जिले का निवासी बताया जा रहा है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदर्श शर्मा बचपन से ही महर्षि आश्रम करौंदी में रह रहा था । पुलिस के अनुसार, घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है । प्रारंभिक जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि आदर्श शर्मा पिछले दो-तीन दिनों से ध्यान आदि गतिविधियों में शामिल नहीं हो रहा था और वह किसी बात को लेकर परेशान दिखाई दे रहा था ।
घटना की सूचना मिलते ही उमरियापान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की । पुलिस द्वारा मामले की बारीकी से जांच की जा रही है । युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसके संबंध में पुलिस आश्रम से जुड़े लोगों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से जानकारी जुटा रही है ।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और सभी तथ्यों के सामने आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा । फिलहाल उमरियापान थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है ।


