सब्जी का ठेला लगाने से रोका, पुलिसकर्मी पर मारपीट और धमकी देने के आरोप
पीड़ित ने अनुविभागीय अधिकारी पुलिस से की शिकायत, कार्रवाई की मांग
रिपोर्टर: रीना विनोद मालवीय
गैरतगंज। नगर के वार्ड क्रमांक 11 निवासी एक सब्जी विक्रेता ने पुलिसकर्मी पर ठेला लगाने से रोकने, गाली-गलौज करने, मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर पीड़ित ने अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, गैरतगंज को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार जाहिद कुरैशी पिता शरीफ कुरैशी, उम्र करीब 38 वर्ष, सब्जी का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। पीड़ित का आरोप है कि 15 सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे वह सब्जी का ठेला लेकर मोहल्ले में जा रहा था। इसी दौरान पुलिसकर्मी कपिल खान ने उसे ठेला ले जाने से रोक दिया।
पीड़ित ने शिकायत में आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई तथा लात-घूंसों और डंडे से मारपीट की गई। इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता ने पुलिसकर्मी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
जाहिद कुरैशी का कहना है कि घटना के बाद उसने मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की है। शिकायत की प्रतियां पुलिस अधिकारियों सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई हैं। पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
अब देखना यह है कि शिकायत पर पुलिस विभाग क्या कार्रवाई करता है और जांच में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता क्या सामने आती है।



