पीएम आवास की किस्त लेकर कार्य नहीं करने वालों पर होगी एफआईआर, वसूली जायेगी राशि
सीईओ ने ग्रामों का भ्रमण कर हितग्राहियों को दी समझाइश
सिलवानी। गुरूवार को जनपद पंचायत सिलवानी के मुख्य कार्यापालन अधिकारी आशीष जोशी ने ग्राम पंचायत सांईखेड़ा का भ्रमण कर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे आवासों का निरीक्षण किया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रथम किस्त प्राप्त करने के बाद भी कार्य प्रारंभ नहीं करने पर नाराजगी जताते हुए हितग्राहियों को सात दिवस में कार्य करने के निर्देश दिये। सात दिवस में कार्य प्रारंभ नहीं होने पर हितग्राहियों के विरूद्ध पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी गई। ग्राम पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही किए जाने की बात कही।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपनों की योजना को साकार रूप देने के लिए गरीबों को स्वयं के पक्के आवास बनाने के लिए राशि दी जा रही है। पर देखने में आ रहा है कि कई गांवों में पीएम आवास योजना की राशि मिलने पर आवास कार्य पूर्ण नहीं कर रहे है। वहीं कतिपय हितग्राही प्रथम किस्त की राशि अपने खाते में आने के बाद भी कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है।
ग्राम पंचायत सांईखेड़ा में प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रारंभ से अभी तक 506 आवास का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिसमें अभी तक 422 आवास पूर्ण हो चुके है। 39 हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रथम किस्त प्राप्त होने के बाद कार्य प्रारंभ नहीं किया एवं 45 आवासों को कार्य प्रगति पर है।
निरीक्षण के दौरान सीईओ आशीष जोशी के साथ मनरेगा एसडीओ सुशील गोयल, उपयंत्री कमलेन्द्र धाकड़, पंचायत समंवय अधिकारी मुन्नालाल रघुवंशी, नंदकिशोर उइके, पंचायत सचिव दिनेश राय, रोजगार रविन्द्र रघुवंशी उपस्थित रहे। वही सीईओ ने पुलिस कर्मी की उपस्थिति में हितग्राहियों से चर्चा आवास योजना की प्रथम किस्त प्राप्त होने के बाद भी कार्य करने वाले हितग्राहियों से जल्द कार्य प्रारंभ करने एवं प्रगतिरत कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।




