धार्मिक

जैन समाज की निकली घट यात्रा 8 दिन चलेंगे कार्यक्रम

मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्रियों को भी कार्यक्रम में शामिल होने दिया जाएगा न्योता
ब्युरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज :
आठ दिन तक चलने वाले सिद्धचक्र महामंडल विधान का शुभारंभ गुरुवार की सुबह 6.30 बजे घटयात्रा के साथ हुआ। इस मौके पर 24 तीर्थंकरों के अलावा 3 अन्य भगवानों की मूर्तियां जुलूस के रूप में बड़ा दिगंबर जैन मंदिर से कार्यक्रम स्थल नसिया जी पहुंची। यहां सभी प्रतिमाओं का अभिषेक एवं शांतिधारा के बाद उन्हें विधि विधान के साथ मंडलों पर विराजमान किया गया। वहीं पंडाल के बीचों भव्य विशाल समोशरण में चारों दिशाओं में भगवान विराजमान किए गए।
विधान के पहले दिन विधानाचार्य धीरज भैया के निर्देशन में संगीतकार अनुभव जैन ने पूजन के साथ अर्घ्य चढ़ाए। प्रतिदिन अर्घ्यों की संख्या दोगुनी होती जाएगी। कार्यक्रम के आरंभ में श्रवत मुनि समता सागर महाराज ससंघ सानिध्य में ध्वजारोहण किया गया। इस मौके पर गुरुवर द्वारा सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं इसकी प्रथम उपासना करने वाली मैनासुंदरी- श्रीपाल का कथा का वर्णन किया।
उल्लेखनीय है कि नगर में इन दिनों चारों ओर धर्म की बयार बह रही है एक तरफ जहां प्रसिद्ध संत प्रभु नागर की कथा का आयोजन उत्कृष्ट स्कूल के विशाल मैदान में किया जा रहा है जिसमें हजारों श्रद्धालु कथा श्रवण कर जीवन को सफल बना रहे हैं। तो वहीं दूसरी ओर स्थानीय जैन नसिया में इतिहास में प्रथम बार 72 समूह चरणों की रचना कर विशाल समोसारण विधान पूजन का आयोजन राष्ट्रसंत आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के शिष्य श्रवण मुनि समता सागर महाराज, महा सागर महाराज, निष्काम सागर महाराज, एवं एलक निश्चय सागर महाराज के परम सानिध्य में किया जा रहा है जोकि आगामी सात दिवस तक नगर में आयोजित किया जाएगा । जिसमें प्रतिदिन प्रातः काल से पूजन अभिषेक एवं प्रवचन का आयोजन किया जाएगा सांय काल में भव्य महाआरती का आयोजन भी किया जाएगा। इसी संबंध में अखंड जैन समाज जिला रायसेन के अध्यक्ष पुष्पेंद्र जैन, पार्षद अजय जैन, सकल जैन समाज अध्यक्ष अक्षय सराफ, पार्षद प्रवीण जैन, वीरेंद्र जैन, राजीव जैन, विमल जैन पंकज जैन अन्नु आदि के द्वारा स्थानीय विधायक ठाकुर रामपाल सिंह को एक आमंत्रण पत्र आगामी दिनों में होने जा रहे विभिन्न धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के लिए दिया गया।
समाज अध्यक्ष अक्षय जैन सर्राफ ने बताया कि इसी संबंध में एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी एवं भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा को आमंत्रित करने के लिए जाएगा जो कि इस कार्यक्रम में शामिल होकर धर्म प्रभावना में वृद्धि करेंगें।

Related Articles

Back to top button