गुटखा खरीदने को लेकर विवाद, डंडे से मारपीट के बाद ग्राहक की मौत

बेगमगंज में मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज। गुटखा खरीदने को लेकर पान की दुकान पर हुआ मामूली विवाद उस समय गंभीर मामले में बदल गया, जब कथित मारपीट के कुछ देर बाद ग्राहक की अस्पताल में अचानक मौत हो गई। आरोप है कि कहासुनी के दौरान दुकानदार ने ग्राहक के पैर पर डंडे से दो-तीन वार किए थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
*मजाक-मजाक में शुरू हुआ विवाद, फिर हुई मारपीट*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम हप्सिली निवासी पपई उर्फ वीर सिंह सेन सुबह के समय बल्लू उर्फ पुच-पुच की पान की गुमटी पर गुटखा खरीदने पहुंचा था। गुटखे के पैसे मांगने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बताया जाता है कि दोनों के बीच अक्सर हंसी-मजाक होता रहता था, लेकिन इस बार मामूली कहासुनी ने विवाद का रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान पपई ने दुकानदार को मारने के लिए पत्थर उठा लिया। इसके बाद दुकानदार ने कथित तौर पर डंडे से उसके पैर पर दो-तीन वार कर दिए। पैर में चोट लगने के बाद पपई सेन इलाज के लिए बेगमगंज के सिविल अस्पताल पहुंचा, जहां कुछ ही देर बाद उसकी अचानक मौत हो गई।
*मामूली चोट के बाद मौत, कई सवाल खड़े*
इस घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर पैर में चोट लगने के बाद अस्पताल पहुंचे व्यक्ति की कुछ ही देर में मौत कैसे हो गई? क्या मौत का संबंध मारपीट की घटना से है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है? इन सवालों के जवाब फिलहाल सामने नहीं आए हैं। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
*दुकानदार को पूछताछ के लिए थाने ले गई पुलिस*
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस दुकानदार को पूछताछ के लिए थाने ले गई। वहीं, मृतक की इकलौती बहन को पोस्टमार्टम के लिए बुलाने की कोशिश की गई, लेकिन वह किसी कारणवश नहीं पहुंच सकी। इसके बाद समाज के लोगों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया।
बताया गया कि पोस्टमार्टम के बाद शव लेने के लिए कोई भी समाजजन या रिश्तेदार आगे नहीं आया। ऐसी स्थिति में पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए मृतक के अंतिम संस्कार की व्यवस्था कराई।
*पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज*
फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौत किन परिस्थितियों में हुई और पैर में लगी चोट का उससे कोई संबंध था या नहीं। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।



