धार्मिक

भोलेनाथ के अभिषेक हेतु स्वयं शेषनाग पधारे, आस्था का सैलाब

रिपोर्टर : विपिन शर्मा
बम्होरी । शुक्रवार को ग्राम निम्नापुर में एक अत्यंत आश्चर्यजनक एवं आस्था से जुड़ी घटना घटित हुई, जिसने पूरे गांव को श्रद्धा और विस्मय से भर दिया। ग्राम में स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करने स्वयं शेषनाग के आगमन की चर्चा पूरे क्षेत्र में बनी रही।
यह शिव मंदिर लगभग 12 वर्ष पुराना है, जिसे ग्राम निम्नापुर के पटेल परिवार के ओमप्रकाश पटेल के बुजुर्गों द्वारा निर्मित कराया गया था। मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना का कार्य पुजारी पंडित सुनील पचौरी जी द्वारा किया जाता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आज दोपहर लगभग 12 बजे, पुजारी के मंदिर पहुंचने से पहले ही एक विशाल सर्प अचानक कहीं से आया और सीधे शिव मंदिर में प्रवेश कर भगवान भोलेनाथ की शिवलिंग (पिंडी) से लिपट गया। कुछ समय बाद जब पुजारी सुनील पचौरी जी मंदिर पहुंचे और यह दृश्य देखा तो वे भी आश्चर्यचकित रह गए।
घटना की सूचना मिलते ही पटेल परिवार सहित ग्राम के बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए। वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया और महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन व पूजा-अर्चना प्रारंभ कर दी गई।
बताया जा रहा है कि लगभग तीन घंटे तक शेषनाग शिवलिंग के समीप विराजमान रहे, जिसके बाद वे स्वयं मंदिर से बाहर निकलकर चले गए और फिर किसी को दिखाई नहीं दिए। इस अद्भुत घटना को ग्रामीण भगवान भोलेनाथ की कृपा और दिव्य संकेत मान रहे हैं।
घटना के बाद से पूरे गांव में धार्मिक आस्था और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button