मध्य प्रदेश

जिला सिहोरा अधिकार यात्रा 15 से गांव गांव तक, अनदेखी कर लोगों की भावनाएं भड़का रही सरकार

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । सिहोरा को जिला बनाने हेतु संकल्पित सिहोरावासी अब ज़िला सिहोरा अधिकार यात्रा निकालकर समूचे प्रस्तावित सिहोरा जिला के गांव गांव में जाकर लोगों से आह्वान करेंगें कि सिहोरा का जिला बनना संपूर्ण क्षेत्र के हित में है और इस बार वह अपने जनप्रतिनिधि को स्पष्ट संदेश दें कि हम सिहोरा जिला के संघर्ष में किसी भी हद तक जा सकते है।
25 को ग्राम पंचायतों में धरना –
लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति के संतोष पांडे ने आंदोलन के निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि जिला सिहोरा अधिकार यात्रा के दौरान प्रत्येक ग्राम पंचायत में आमसभा की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आगामी 25 सितंबर को प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक साथ सिहोरा जिला की मांग पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन हो।इस हेतु प्रत्येक ग्राम पंचायत में समिति के पांच सदस्यों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
हर घर में काले झंडे –
समिति द्वारा की गई बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि सिहोरा के प्रत्येक घर में अपना आक्रोश व्यक्त करने के लिए घर मालिक की स्वीकृति से काला झंडा लगाया जाएगा। समिति का दावा है कि आगामी दो तीन दिनों के अंदर सिहोरा के प्रत्येक घर में काला झंडा दिखाई देगा ।
जिला बना माहौल बिगड़ने से रोके सरकार –
लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति ने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को संबोधित करते हुए कहा कि सिहोरा वासियों ने पिछले दो वर्षो से लोकतांत्रिक तरीके से अहिंसक आंदोलन चलाते हुए सरकार तक जनभावना पहुंचाने का हर संभव प्रयास किया।सरकार के द्वारा कोई पहल न करने के कारण अब सिहोरा वासी उग्र आंदोलन की हद तक भी जाने को तैयार होते दिख रहे है।सिहोरा की सोशल मीडिया पर अब समाज के अनेक संगठनों की नाराजगी खुलकर सामने आ रही है। अनेक संगठनों ने तो सार्वजनिक रूप से भी भाजपा की सदस्यता छोड़ने और वोट न देने की घोषणा कर दी है।

Related Articles

Back to top button