Uncategorized

गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

सिलवानी। नगर में गणतंत्र दिवस हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शासकीय एवं अर्धशासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई।
गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में नगर के सभी शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई सांदीपनी विद्यालय मैदान पहुँची।
सांदीपनी विद्यालय मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष रेशु विभोर नायक ने जनसमुदाय की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने उद्बोधन में नगरवासियों से नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर परिषद की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें उपस्थित जनसमुदाय ने खूब सराहा।
समारोह में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button