हादसे में जिंदगी और मौत के बीच फंसे चालक के लिए देवदूत बनी स्लीमनाबाद पुलिस

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। थाना स्लीमनाबाद क्षेत्र अंतर्गत नेगमा के पास नेशनल हाईवे पर बीती रात पिकअप और ट्राले के बीच हुई भीषण भिड़ंत में एक युवक घायल होकर वाहन के अंदर फंस गया । हादसे के बाद मौके पर पहुंची स्लीमनाबाद पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना स्लीमनाबाद में पदस्थ उपनिरीक्षक कांशीराम, आरक्षक अभिषेक सिंह एवं आरक्षक सोने सिंह रात्रिकालीन गश्त पर थे । इसी दौरान नेशनल हाईवे पर नेगमा के पास सड़क दुर्घटना की सूचना एवं मौके पर लोगों की भीड़ दिखाई दी । पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची । वहां जबलपुर से कटनी की ओर जा रही महिंद्रा पिकअप पीछे से एक ट्राले से टकरा गई थी । टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप चालक वाहन के अंदर ही फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया ।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू किया । काफी मशक्कत के बाद वाहन क्रमांक MP 20 GB 5819 में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया । इसके बाद घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई ।
घायल चालक की पहचान राजेश ठाकुर पिता सुखराम ठाकुर, उम्र 28 वर्ष, निवासी मदर टेकरी, यादव का मकान, जबलपुर के रूप में हुई है ।
*पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता बनी मिसाल*
सड़क दुर्घटनाओं के दौरान शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है । ऐसे में स्लीमनाबाद पुलिस के जवानों ने जिस तत्परता, साहस और मानवीय संवेदनशीलता के साथ घायल की मदद की, वह सराहनीय है । पुलिसकर्मियों की इस कार्यशैली ने साबित किया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में आम नागरिकों की जान बचाने और उन्हें सहायता पहुंचाने के लिए भी पूरी जिम्मेदारी से तत्पर रहती है ।



