कलेक्टर, एसपी ने सिलवानी में मतदान सामग्री वितरण कार्य का किया अवलोकन
नगरीय निकाय निर्वाचन के प्रथम चरण में बाड़ी, बरेली तथा सिलवानी में मतदान 06 जुलाई को
रायसेन । नगरीय निकाय निर्वाचन-2022 के प्रथम चरण में रायसेन जिले की नगर परिषद सिलवानी, नगर परिषद बाड़ी तथा नगर परिषद बरेली में 06 जुलाई को मतदान संपन्न होगा। इन नगरीय निकायों में मतदान सम्पन्न कराने के लिए मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरित कर मतदान केन्द्रों की ओर रवाना किया गया। कलेक्टर अरविंद कुमार दुबे तथा पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शाहवाल द्वारा सिलवानी में शासकीय कन्या उ.मा.विद्यालय नवीन भवन पहुंचकर मतदानकर्मियों को मतदान सामग्री वितरण कार्य का अवलोकन किया गया।
कलेक्टर दुबे ने मतदानकर्मियों से चर्चा करते हुए सुचारू रूप से मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन किया जाए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ पीसी शर्मा, एसडीएम रवीश श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
तीन नगरीय निकायों में बनाए गए हैं 80 मतदान केन्द्र
नगरीय निकाय निर्वाचन 2022 के प्रथम चरण में सिलवानी, बाड़ी तथा बरेली नगरीय निकाय में 06 मतदान होगा। इन तीनों निकायों में बनाए गए कुल 80 मतदान केन्द्रों पर 320 मतदानकर्मी, मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराएंगे। नगरीय निकाय सिलवानी के 15 वार्डो में मतदान के लिए कुल 23 मतदान केन्द्र बनाए गए गए हैं। सिलवानी नगरीय निकाय में कुल 15064 मतदाता हैं, इनमें 7787 पुरूष मतदाता तथा 7277 महिला मतदाता शामिल हैं। नगरीय निकाय बरेली के कुल 15 वार्डो में 37 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। बरेली निकाय में कुल 25775 मतदाता हैं, इनमें 13232 पुरूष मतदाता, 12541 पुरूष मतदाता एवं दो अन्य मतदाता शामिल हैं। इसी प्रकार नगरीय निकाय बाड़ी के कुल 15 वार्डो में 20 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इन 15 वार्डो में 15588 मतदाता हैं, जिनमें 8097 पुरूष मतदाता, 7486 महिला मतदाता एवं पॉच अन्य मतदाता शामिल हैं।



