किस हादसे के इंतजार में बैठो हो साहब…. एक माह से पचपेढ़ी में बीच रोड में पड़े है भारी भरकम पेड़
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान-सिहोरा मार्ग पर ग्राम पचपेढ़ी में पिछले 1 माह से दो जगह पर भारी भरकम पेड़ मैन रोड पर गिरे हुये है लेकिन लोक निर्माण विभाग को उक्त पेड़ों को हटाने के लिये समय नहीं मिल रहा है और उक्त विभाग के साहबों के कारनामों से ऐसा लगता है जैसे ये लोग किसी बड़ी घटना के इंतजार में बैठे हैं। ऐसा हम इसलिये कह रहे है क्योंकि एक माह पहले तूफान में उक्त दोनों पेड़ गिरे थे जहां पर मात्र उक्त पेड़ों को काटकर रोड से आवागमन चालू कर दिया गया था लेकिन उक्त पेड़ आज भी मैन रोड के किनारे पड़े़ हुये है जिससे किसी भी दिन कोई बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
उल्लेखनीय है कि ग्राम पचपेढ़ी में एक माह पहले तूफान में बीड़ी दुकान के पास एवं एक पेड़ पचपेढ़ी ग्राम के आगे गिर गया था जिससे पूरी तरह से यातायात बंद हो गया था। आनन-फानन में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा उक्त पेड़ों को कटवाकर यातायात बहाल किया गया लेकिन उक्त पेड़ों को काटकर रोड पर ही छोड़ दिया गया जो आज भी मैन रोड के बीचों बीच रखे हुये है।
हादसें के बाद भी नहीं चेते जिम्मेदार
स्मरण रहे कि बीड़ी दुकान के पास मैन रोड में जो पेड़ पड़ा हुआ है वहां पर रात के समय कुछ समय पहले तीन युवक भिड़ गये थे जिसमें से एक युवक आज भी अस्पताल में जिदंगी और मौत के बीच लड़ रहा है और वर्तमान में वह कोमा में चला गया है वहीं दो युवक को मामूली चोट आई थी जिनका उपचार भी जबलपुर में जारी है। इस घटना के बाद भी विभागीय अधिकारी कुंभर्कणी निद्रा में सोते रहे और आज दिनांक तक इनके द्वारा उक्त पेड़ों को अलग नहीं करवाया जा रहा है।
चुनाव का बना लेते है बहाना
कुछ समय पूर्व भी टोला रोड में इसी तरह का मामला सामने आया था तब विभाग के बाबू मृत्युजय उपाध्याय से बात की गई तो उनके द्वारा चुनाव का बहाना बना दिया गया लेकिन अब चुनाव हो गये है इसके बाद भी उपरोक्त बाबू को उक्त बीच सड़क में पड़े वृक्षों को हटवाने का समय नहीं है और पूरे दिन झंडा चौक में बैठकर अपनी डयूटी की इतिश्री कर ली जाती है और तो और इनके द्वारा यह तक कह दिया गया कि ज्यादा जल्दी हो तो आप लोग खुद हटा लो।
भारी वाहनों की होती है आवाजाही
ग्राम पचपेढ़ी स्थित मैन रोड पर जहां पर उक्त दोनों पेड़ गिरे हुये है वहां से रोज वाहनों की आवाजाही होती है और यह रोड सिहोरा उमरियापान, ढीमरखेड़ा होते हुये बिलायकला, उमरिया जिले की सीमा को जोड़ता है जिस कारण से मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी रात के समय बढ़ जाती है जिस कारण से किसी भी दिन कोई बड़ी दुर्घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता।



