जिला स्तरीय जैव विविधता क्विज प्रतियोगिता में शेखर ने मारी बाजी, 105 विद्यार्थियों ने लिया भाग
व्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । जिला वन परिसर में मप्र जैव विविधता बोर्ड व लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल एवं सामान्य वन मण्डल रायसेन के द्वारा जैव विविधता क्विज का आयोजन किया गया। इस क्विज में हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी स्कूलों (कक्षा 9से 12 वीं तक) में अध्ययनरत छात्र- छात्राओं ने भाग लिया । इसमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुल्तानगंज के छात्र शेखर दीक्षित ने बाजी मारते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया।
जैव विविधता के प्रति जागरूकता एवं रुचि जागृत करने के लिए आयोजित जिला स्तरीय जैव विविधता क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ डीएफओ अजय पांडेय ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया । इस प्रतियोगिता में जिले के पूर्व से नामांकित 45 विद्यालयों में से 35 विद्यालयों के प्रतियोगी दलों में 105 प्रतियोगियों ने भाग लिया । उक्त प्रतियोगिता के आयोजन में सर्व प्रथम प्रतियोगी दलों का पंजीयन प्रातः 10 बजे किया गया दोपहर 12.30 बजे से 1.30 बजे तक लिखित परीक्षा का आयोजन परिवेक्षकों की उपस्थिति में किया गया। इसके बाद दोपहर 1.30 बजे से 3 बजे तक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन निर्धारित मूल्यांकन कर्ता शिक्षकों के द्वारा किया गया। इसी समय अन्तराल में समस्त प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं मार्गदर्शी शिक्षकों हेतु ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी डाक्यूमेंट्री फिल्म प्रशिक्षित क्विज मास्टर अरूण गोयल एवं अभिषेक के नेतृत्व में दिखाई ।
यह स्कूल बने विजेता, मिली इनाम की राशि:- प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर शासकीय उमावि सुल्तानगंज के छात्र दल में शामिल शेखर दीक्षित द्वितीय स्थान पर उमावि खरगोन एवं तृतीय उमावि साचेत ने प्राप्त किया है। प्रथम स्थान पर टीम को 3000 रुपए, द्वितीय स्थान पर प्राप्त टीम को 2100 रुपए एवं तृतीय स्थान पर प्राप्त टीम को 1500 रुपए एवं प्रमाण पत्र डीएफओ अजय पाण्डेय के द्वारा प्रदान किया गया। विजेता टीम 11 नवंबर को आयोजित ऑन लाइन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगी।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुल्तानगंज के छात्र शेखर दीक्षित की इस कामयाबी पर पूर्व विधायक देवेंद्र पटेल, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजेंद्र सिंह तोमर, जनपद अध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि पुष्पेंद्र सिंह ठाकुर, जगन्नाथ सिंह यादव, जगदीश लोधी, देशराज तोमर, डॉ जय कुमार जैन, कंछेदी लाल शर्मा, नत्थू सिंह पटेल केसलोन, पत्रकार सत्यवान गोस्वामी, मनोज पत्रकार सुल्तानगंज, सौरभ यादव घोघरी, बलराम सिंह आदि ने बधाई देते हुए प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में उज्जवल भविष्य की कामना की है।



