देवउठनी एकादशी पर तुलसी-शालिग्राम विवाह की रही धूम

चंडी मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गन्ना, सिंघाड़ा और पूजन सामग्री से सजे बाजार
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान* । चार माह की योगनिद्रा के बाद देवउठनी एकादशी के पावन पर्व पर भगवान श्रीहरि विष्णु के जागने के साथ ही मांगलिक कार्यों पर लगा विराम समाप्त हो गया । शुक्रवार को क्षेत्र में देवउठनी ग्यारस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई । इस अवसर पर उमरियापान स्थित चंडी माता मंदिर प्रांगण में क्षेत्र के प्रसिद्ध चंडी मेले का आयोजन हुआ, जिसमें आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे । श्रद्धालुओं ने चंडी माता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की ।
देवउठनी ग्यारस के अबसर पर चंडी मेले में सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ने लगी । मेले में गन्ना, सिंघाड़ा, सकरकंद, आंवला, बेर, मिठाइयों, मिट्टी के खिलौनों और पूजन सामग्री की दुकानें सजी रहीं । वहीं मनिहारी की दुकानों पर महिलाओं और युवतियों ने जमकर खरीदारी की । मेले में बच्चों ने खिलौनों की खरीदारी कर खूब आनंद उठाया । दुकानदारों के अनुसार इस बार गन्ने और सिंघाड़े की बिक्री सबसे अधिक रही ।
वहीं देवउठनी एकादशी पर महिलाओं ने घरों के आंगन में चौक पूरकर गन्ने का मंडप सजाया और विधि-विधान से भगवान विष्णु का पूजन किया । इसके बाद तुलसी माता और शालिग्राम भगवान का विवाह पूरे रीति-रिवाज और श्रद्धा के साथ संपन्न कराया गया । घरों में मंगल गीत गूंजते रहे और महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की ।



