नगर में सजी खाटू श्याम जन्मोत्सव की भव्य भजन संध्या, भजनों से गूंजा हाईस्कूल प्रांगण

सिलवानी। खाटू श्याम बाबा के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर गुरुवार रात्रि नगर के हाईस्कूल प्रांगण में खाटू श्याम समिति सिलवानी के तत्वावधान में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरा परिसर बाबा श्याम के जयकारों, भक्ति गीतों और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायिकाओं ने अपनी मधुर आवाज से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में सराबोर होकर झूमते रहे।
भजन संध्या में इंदौर की प्रसिद्ध भजन गायिका गौरी शरण शर्मा, सिस्टर पूजा शर्मा एवं नर्मदा शर्मा ने बाबा श्याम के एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। उनकी मधुर आवाज और भावपूर्ण भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। जैसे ही बाबा श्याम के लोकप्रिय भजनों की धुन गूंजती, श्रद्धालु हाथ उठाकर भक्ति में लीन हो जाते और नृत्य करते हुए अपनी श्रद्धा व्यक्त करते नजर आए। पूरे हाईस्कूल मैदान में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
दूधिया रोशनी से जगमगाया हाईस्कूल मैदान
खाटू श्याम जन्मोत्सव को लेकर समिति द्वारा आयोजन स्थल पर विशेष तैयारियां की गई थीं। हाईस्कूल प्रांगण को आकर्षक सजावट और दूधिया रोशनी से जगमगाया गया था। मंच की साज-सज्जा और रोशनी ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। श्रद्धालुओं के बैठने एवं कार्यक्रम का आनंद लेने के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई थीं। रातभर भजन-कीर्तन और बाबा श्याम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मध्यरात्रि के 12 बजे आतिशबाजी के बीच मनाया जन्मोत्सव
रात्रि 12 बजे जैसे ही बाबा श्याम के जन्मोत्सव का शुभ समय आया, पूरा परिसर जय श्री श्याम के जयकारों से गूंज उठा। आकर्षक आतिशबाजी के बीच केक काटकर बाबा श्याम का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं और बाबा श्याम के दरबार में शीश नवाकर सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान ‘हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो उठा।
जनप्रतिनिधियों ने भी बाबा के दरबार में लगाई हाजिरी
भव्य भजन संध्या में मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत एवं सिलवानी विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवेंद्र पटेल भी बाबा श्याम के दरबार में पहुंचकर दर्शन किए और अपनी हाजिरी लगाई। उन्होंने बाबा के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। आयोजन में नगर एवं आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।



