मध्य प्रदेश

सिलवानी के बजरंग चौराहे पर जानलेवा गड्ढा दे रहा हादसों को न्योता, जिम्मेदार बेखबर

स्टेट हाईवे-15 पर उखड़ी सड़क से स्कूली बसों और एंबुलेंस की आवाजाही पर संकट, रात के अंधेरे में बढ़ रहा अनहोनी का खतरा
रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
सिलवानी । नगर परिषद सीमा के अंतर्गत स्टेट हाईवे-15 सागर बरेली मार्ग पर बजरंग चौराहे के समीप बना एक गहरा और जानलेवा गड्ढा इन दिनों राहगीरों के लिए जी का जंजाल बना हुआ है। शहर के सबसे व्यस्ततम मुख्य मार्ग के बीचों-बीच सड़क उखड़ जाने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या की ओर से आंखें मूंदे बैठे हैं।
*स्कूली बच्चों और मरीजों की जान पर संकट*
इसी मुख्य मार्ग पर कई प्रमुख शिक्षण संस्थान संचालित हैं, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों स्कूल बसें बच्चों को लेकर गुजरती हैं। विशालकाय गड्ढे के कारण बस चालकों को वाहन निकालने में भारी मशक्कत करनी पड़ती है, जिससे मासूम बच्चों की सुरक्षा पर हर समय खतरा मंडराता रहता है। इसके अलावा, इसी मार्ग पर सिविल हॉस्पिटल सिलवानी भी स्थित है। आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले गंभीर मरीजों और एंबुलेंस को इस क्षतिग्रस्त हिस्से से गुजरने में भारी पीड़ा और देरी का सामना करना पड़ रहा है।
*रात के अंधेरे में मौत को दावत*
बरेली मार्ग पर बजरंग चौराहे के पास सड़क पूरी तरह से उखड़ चुकी है। गड्ढा इतना गहरा और चौड़ा है कि भारी वाहनों के साथ-साथ दोपहिया वाहन चालक भी अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस स्थान पर अब तक कई गंभीर हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं जिसमें एक नन्हा बच्चा भी शामिल है और दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। दिन के उजाले में तो वाहन चालक किसी तरह बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में यह गड्ढा दिखाई नहीं देता, जिससे बड़ी अनहोनी की आशंका बनी रहती है।
*प्रशासन के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा*
नगर सीमा के भीतर मुख्य मार्ग की इस बदहाली से नागरिकों और वाहन चालकों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यह स्थिति प्रशासन की घोर लापरवाही को दर्शाती है। क्षेत्रवासियों ने नगर परिषद सिलवानी, एमपीआरडीसी और लोक निर्माण विभाग (PWD) के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि किसी और बड़े हादसे का इंतजार किए बिना इस जानलेवा गड्ढे की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि यातायात सुगम हो सके और आमजन की जान बच सके।

Related Articles

Back to top button