बेगमगंज सिविल अस्पताल का रात 11 बजे औचक निरीक्षण, व्यवस्था मिली संतोषजनक

पर कई कमियां भी हुई उजागर
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । कलेक्टर रोहित सिसोनिया के उल्लेखनीय नवाचार की सर्वाधिक प्रशंसा हो रही है। सरकारी अस्पतालों का ढर्रा सुधारने की दशा में उठाए गए उल्लेखनीय कदम कि सभी सरकारी अस्पतालों की प्रति दिन जांच के लिए शासकीय अधिकारियों का निरीक्षण दल गठित किए जाने का अनुसरण करते हुए बेगमगंज एसडीएम रोहित कुमार लोधी द्वारा भी गठित जांच दल ने गुरुवार रात करीब 11 बजे सिविल अस्पताल बेगमगंज का औचक निरीक्षण किया।
जांच दल के सदस्य नायब तहसीलदार विक्रम सिंह राजपूत ने डॉक्टर्स, स्वास्थ्यकर्मियों सहित भर्ती मरीजों से रूबरू होकर इलाज, व्यवहार और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद उन्होंने 21 बिंदुओं पर आधारित जांच प्रतिवेदन एसडीएम लोधी को सौंप दिया।
निरीक्षणकर्ता नायब तहसीलदार विक्रमसिंह राजपूत ने सिविल अस्पताल भवन एवं परिसर की स्थिति अच्छी पाई गई। वार्डों में साफ-सफाई मिली। शौचालय पर्याप्त और साफ पाए गए। पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध थी। विद्युत एवं जनरेटर बैकअप भी पर्याप्त पाया गया।
उन्होंने मॉर्निंग में देखा कि ओपीडी का संचालन समय पर हो रहा है। ओपीडी सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक और शाम 5 बजे से 6 बजे तक संचालित पाई गई। मरीजों के पंजीयन की व्यवस्था व्यवस्थित मिली। 24 घंटे चिकित्सक की उपलब्धता, 24×7 आपातकालीन चिकित्सा सेवा और रात्रिकालीन ड्यूटी व्यवस्था भी निरीक्षण के दौरान पाई गई।
उनके द्वारा रात्रिकालीन निरीक्षण में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति मिली और ड्यूटी रोस्टर का संधारण भी पाया गया।
दवा वितरण व्यवस्था अच्छी पाई गई। आवश्यक मेडिकल उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता भी अच्छी मिली। जननी सुरक्षा योजना का क्रियान्वयन मौके पर हो रहा था। रेफरल की स्थिति रजिस्टर में दर्ज पाई गई।
इन कमियों पर जताई चिंता :-
निरीक्षणकर्ता के सामने कुछ गंभीर कमियां भी आईं। जैसेकि मरीजों एवं परिजनों के लिए अस्पताल में प्रतीक्षालय उपलब्ध नहीं पाया गया। पैरामेडिकल स्टाफ मानक से कम पाया गया। अस्पताल में एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं थी।
जांच प्रतिवेदन में ब्लड बैंक / ब्लड स्टोरेज यूनिट की मांग की गई है।
साथ ही उनके द्वारा सुझाव दिया गया है कि बंद पड़ी ऑक्सीजन यूनिट का सही उपयोग किया जाए। अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की आवश्यकता भी बताई गई है।
नायब तहसीलदार विक्रम सिंह राजपूत ने निरीक्षण प्रतिवेदन एसडीएम रोहित कुमार लोधी को प्रस्तुत कर दिया है।



