चलती स्कूली वैन में अचानक लगी आग, बाल-बाल बचे 8 बच्चे, जोरदार हुआ ब्लास्ट
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले से एक बड़ी दुर्घटना सामने आई है। सोमवार को बच्चे को लेकर स्कूल जा रही स्कूल वैन में अचानक आग लग गई। वैन में जोरदार धमाका हुआ है। जिससे वैन पूरी तरह जलकर खाक हो गई। लेकिन समय रहते बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
सूत्रो से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना जुलवानिया थाना क्षेत्र की है। जहां गांव कुसमरी से बच्चों को मारुति वैन से पिपरी स्थित हिमालय अकादमी ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि गांव कुसमरी से 7 से 8 बच्चों को लेकर एक वैन निकली थी। तभी कुसमरी-पिपरी रोड पर एक बच्चे ने धुंआ देखा और वैन को रोका गया।
जिसके बाद वहां मौजूद ग्रामीणों ने वैन से उठता धुंआ देखकर तुरंत सुझबूझ का परिचय देते हुए बच्चों को वैन से बाहर निकाला। बच्चों को बाहर निकालते ही वैन धूं-धूं कर पूरी तरह जल गई। आग के दौरान ही वैन में जोरदार धमाका हुआ। बताया जा रहा है कि वैन घरेलू गैस से चलाई जा रही थी। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।



