चुन्हेटिया में पंप हाउस में मिली लाश, फैली सनसनी
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
सिलवानी । तहसील सिलवानी के ग्राम चुन्हेटिया में सोमवार की देर रात्रि गांव के बीच बनी पानी की टंकी के पंप हाउस में एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर सिलवानी पुलिस मौके पर पहुंची।
और शव को पोस्टमार्टम हेतु सिविल हॉस्पिटल सिलवानी पहुंचाया गया। जहां मंगलवार की सुबह पोस्टमार्टम कर शव को परिजनों को सौप दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सिलवानी तहसील के ग्राम चुन्हैटिया में सोमवार की रात्रि करीब 10:30 बजे सूचनाकर्ता ग्राम चुन्हैटिया चौकीदार ओमकार मेहरा पिता परम सिंह मेहरा ने बताया था कि अज्ञात व्यक्ति की डीपी के पास पावर हाउस के कमरे मे लाश पड़ी हुई है। लाश करीब 5-6 दिन पुरानी है गांव के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला मृतक व्यक्ति रीतेश उर्फ नीतेश रैकवार पिता रामलाल रैकवार 40 साल निवासी चुन्हेटियां का है जो शराब पीने का आदी है जो शराब पीकर इधर-उधर घूमता फिरता रहता था अभी तक की जानकारी से मृतक की मृत्यु बिजली का करंट लगने से होना पाया है। लगभग एक माह पूर्व भी पानी की टंकी के पास लाश मिली थी।
मृतक के एक पुत्र की दो वर्ष पूर्व नदी में डूबने से मौत हो चुकी है। पत्नि दुर्गा रैकवार और एक बालक और एक बालिका का रो रो कर बुरा हाल है। मृतक मूलत: जैसीनगर जिला सागर का निवासी है और वह यहां अपनी सुसराल में रहता था।
इस संबंध में सिलवानी थाना की एसआई आरती धुर्वे ने बताया कि पुलिस ने प्रकरण कायम कर, शव का पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। और घटना की जांच की जा रही है।



