मध्य प्रदेश

जिले में कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से छूटे नहीं- कलेक्टर

27 फरवरी से एक मार्च तक चलेगा पल्स पोलियो अभियान, मासूमों के पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। जिले में 27 फरवरी से एक मार्च तक आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों व सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर अरविन्द दुबे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की बैठक आयोजित की गई। जिसमें कलेक्टर दुबे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में 0 से 5 वर्ष तक की आयु का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से छूटे नहीं, यह सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर दुबे ने सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ सोमनदास सहित अन्य चिकित्सा अधिकारियों को विकासखण्ड स्तर पर माइक्रो प्लान तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्लान इस प्रकार बनाएं कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से छूटे नहीं। उन्होंने कहा कि जिले के सुदूर अंचलों, सभी मंजरे टोलों, ईट भट्टे, पहाड़ी क्षेत्रों, आदिवासी बहुल क्षेत्रों, औद्योगिक क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों में रह रहे सभी 0 से 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाया जाना सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर दुबे ने कहा कि अभियान के सफल क्रियान्वय में महिला बाल विकास विभाग की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। महिला बाल विकास विभाग के मैदानी अमले का सहयोग लेकर सभी पात्र बच्चों को पोलियों की खुराक पिलाई जाए। उन्होंने सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री, सिविल सर्जन डॉ एके शर्मा सहित सभी बीएमओ को निर्देश दिए कि कोटवार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से पल्स पोलियो अभियान की जानकारी जन-जन पहुंचाए। साथ ही अन्य माध्यमों से अभियान का पर्याप्त प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दिन बूथ पर जाते हुए यदि कोई बच्चा रास्ते में मिलता है तो उसे वहीं पोलियो की खुराक पिलाएं। बैठक में जिला पंचायत सीईओ पीसी शर्मा, सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री, सिविल सर्जन डॉ एके शर्मा, महिला बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपक संकत सहित संबंधित अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button