जमीन का सीमांकन व कब्जा हटाने के लिए ली 30 हजार घूस लेते आरआई को लोकायुक्त ने किया गिरफ्तार
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
पन्ना । एमपी के पन्ना जिले में रिश्वतखोरी के मामले थमने का नाम नही ले रहे हैं। पन्ना जिला मुख्यालय पर अजयगढ़ चौराहे में स्तिथ राजस्व निरीक्षक (आरआई ) निवास में लोकायुक्त सागर की टीम ने राजस्व निरीक्षक को ट्रैप किया। आरआई केके शर्मा को 30 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता से जमीन के सीमांकन और कब्जा हटाने के लिए यह रिश्वत ली गई थी।
पन्ना जिले की बृजपुर उपतहसील अंतर्गत भसूड़ा ग्राम के निवासी रिटायर रेलवे के कर्मचारी जियालाल यादव ने लोकायुक्त में शिकायत की थी। इसमें बताया था कि बृजपुर तहसीलदार ने उनके भाई चंद्रभूषण यादव की जमीन से अवैध कब्जा हटाए जाने का आदेश था। राजस्व निरीक्षक सर्कल बृजपुर कृष्ण कुमार शर्मा ने जमीन का सीमांकन नहीं किया जा रहा था। इससे जमीन से कब्जा नहीं हट रहा था। पीड़ित से आरआई ने जमीन के सीमांकन व कब्जा हटवाने के एवज में 30 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। परेशान होकर शिकायतकर्ता जियालाल यादव ने सागर लोकायुक्त में शिकायत की। गुरुवार शाम लोकायुक्त की टीम ने आरआई के सरकारी निवास में उन्हें ट्रैप किया। आरआई को 30 हजार की रिश्वत लेते पकड़ लिया।



