क्राइम

ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, दो घंटे तक ट्रैक के बीच में पड़ा रहा शव

रायसेन । जिले के सलामतपुर स्टेशन के रातातलाई फाटक के पास मानवता को शर्मसार करने वाला घटनाक्रम देखने को मिला। जहां शुक्रवार को एक युवक की सुबह लगभग छह बजे से सात बजे के बीच ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। इसके बाद उसका शव सुबह नौ बजे लगभग दो घंटे तक ट्रैक के बीच में पड़ा रहता और उसके ऊपर से कई ट्रेनें गुजर गई। मगर रेलवे के जिम्मेदार अफसरों की नजर युवक के शव पर पड़ने के बाद भी उसे रेलवे लाइन के बीच से नहीं हटाया गया। रेलवे के अधिकारी पुलिस के आने का इंतजार करते रहे।
सलामतपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी ने बताया कि शुक्रवार की सुबह सलामतपुर स्टेशन मास्टर ने मेमो भेजकर सूचना दी। जिसमें कहा कि रातातलाई रेलवे फाटक के पास खंभा नंबर 875/18 के डाउन ट्रैक रेलवे लाइन पर युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और शव को रेलवे लाइनों के बीच से हटवाकर सांची स्वास्थ्य केंद्र में पीएम के लिए भेजा। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।
ट्रेन की चपेट में आने से जिस युवक की मौत हुई है। उसकी अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। क्योंकि युवक के पास से कोई भी ऐसा दस्तावेज नहीं मिला है। अभी यह भी पता नहीं चल सका कि युवक ने ट्रेन के आगे आकर आत्महत्या की है या ट्रेन से टकराकर उसकी मौत हुई है। इस घटना की विवेचना के बाद ही मौत का सही कारण पता चल पाएगा। मृतक की आयु लगभग 40 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। स्टेशन पर नहीं है आरपीएफ, जीआरपी पुलिस सलामतपुर स्टेशन पर रेलवे पुलिस के या जीआरपी के जवान मौजूद नहीं रहते हैं। जबकि यह स्टेशन दिल्ली मुंबई मैन रेलवे ट्रैक के बीच में पड़ने वाला स्टेशन है। यहां पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। जब कभी कोई ट्रेन से कट जाए या आत्महत्या कर ले। उस समय भी रेलवे पुलिस भोपाल या विदिशा से मौके पर आती है। जिसमें काफी समय लग जाता है।

Related Articles

Back to top button