ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, नहीं हुई शिनाख्त

रायसेन । सलामतपुर कस्बा स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई। जिसकी उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। मृतक युवक पेंट शर्ट पहने हुए था। चेहरा पूरी तरह से कुचल गया है। जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। सुबह 7.30 बजे सलामतपुर स्टेशन मास्टर ने मेमो भेजकर सूचना दी। उन्होंने बताया कि रेलवे ओवरब्रिज के पास पोल नंबर 872/12 से 14 के बीच डाउन ट्रैक रेलवे लाइन के पास किसी युवक की 12161 लश्कर सुपर फॉस्ट एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर मौत हो गई है। यह घटना सुबह लगभग 6.32 बजे की है। मृतक की पहचान नहीं होने के चलते युवक का शव सांची के श्मशान घाट में दफना दिया गया है। नहीं रहते जवानः सलामतपुर स्टेशन पर रेलवे पुलिस के आरपीएफ या जीआरपी के जवान मौजूद नहीं रहते हैं। जबकि यह स्टेशन दिल्ली मुंबई मेन रेलवे लाइन का स्टेशन है। यहां पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। जब कभी कोई ट्रेन से कट जाए या आत्महत्या कर ले, उस समय भी रेलवे पुलिस भोपाल या विदिशा से मौके पर आती है, जिसमें काफी समय लग जाता है। इतने समय तक शव रेलवे लाइनों पर ही पड़ा रहता है। वहीं आसपास बस्तियों के ग्रामीण भी अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रेन के नीचे से निकलते हैं। इतना सब होने के बाद भी रेलवे विभाग का रवैया गैर जिम्मेवाराना बना हुआ है।



