ढीमरखेड़ा में सरपंच पद के लिये 12 वोट पड़े अधिक, रिटर्निग अधिकारी से हुई शिकायत
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । विकासखंड ढीमरखेड़ा के मतदान केन्द्र क्रमांक- 235 आगनबाड़ी केन्द्र ब्लाक कॉलोनी ढीमरखेड़ा में एक अजीबों-गरीबों मामला सामने आया है जहां पर कुल मतदाताओं की संख्या 657 है जिसमें पुरूष मतदाता 330, महिला मतदाता 327 है। 25 जून को यहां पर हुये मतदान में कुल 494 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया जिसमें पुरूष 246, महिला 248 कुल 494 बोटिंग हुई। इस प्रकार पीठासीन अधिकारी द्वारा जारी गणना पत्रक में यह बताया गया कि जनपद सदस्य के लिये कुल मतदान 494 हुआ लेकिन सरपंच पद के लिये कुल मतदान 506 बताया गया है और उसी आधार पर परिणाम जारी किये गये है। लिहाजा यह पर यह प्रश्र खड़ा होता है कि जब कुल मतदान 494 का हुआ तो 506 मतदाता बताकर परिणाम कैसे जारी किया गया। जैसे ही इस बात की जानकारी ग्रामवासियों को लगी तो यह खबर आग की तरह फैल गई और चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। मामले में ग्रामवासियों द्वारा रिटर्निग अधिकारी को शिकायत की गई है। लिहाजा मामले सामने आने के बाद एसडीएम ढीमरखेड़ा के द्वारा मामले में संज्ञान लिया गया है और मतदान के दिन भी मामला सामने आने के बाद मौके पर अधिकारी पहुंचे थे। सवाल उठना लाजमी है क्योंकि जब कुल वोटिग 494 की हुई तो सरपंच का परिणाम 506 बताकर कैसे जारी किया गया। इस संबंध में बकायदा संबंधित पीठासीन अधिकारी द्वारा गणना पत्रक भी जारी कर दिया गया। चूंकि जब कुल मतदान 494 का हुआ और सरपंच के परिणाम में 506 मत कहां से आ गये और ये कुल मतदान से 12 वोट अधिक बताया गया है। चूंकि यहां पर यदि संशय की स्थिति उत्पन्न हुई थी तो परिणाम जारी नहीं किये जाने थे लेकिन ग्रामीणों के विरोध के बाद भी परिणाम जारी कर दिये गये है। इस संबंध में ग्रामवासियों द्वारा बताया गया कि मामले में यदि निष्पक्ष जांच नहीं की गई तो माननीय हाईकोर्ट की शरण ली जायेगी।
इस संबंध में नदीमा शीरी, एसडीएम ढीमरखेड़ा का कहना है कि इस संबंध में 25 जून को ही मामला संज्ञान में आया था। तत्काल अधिकारियों को भेजा गया था और हुये मतदान से मिलान किया गया था। परिणाम जारी कर दिये गये है। जांच जारी है।



