चार वर्षीय मासूम की सड़क किनारे पॉलिथीन में लपटी मिली लाश, फैली सनसनी

बुधवार की शाम को रहस्यमय तरीके से हो गया था गायब, हत्या कर फेंका, विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र का मामला
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
कटनी। एमपी के कटनी से एक दिन पूर्व घर से रहस्तमय तरीके से लापता हुए मासूम बालक का शव आज सड़क के किनारे पॉलिथीन में पैक मिला। घटना से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस अमला मौके पर पहुंचा और कार्यवाही शुरू की।
जानकारी के अनुसार विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खैरहाई निवासी नरेश बर्मन का 4 वर्षीय पुत्र अंशू बर्मन बुधवार की शाम अचानक लापता हो गया था। जब बच्चा देर तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बालक के अपहरण की आशंका व्यक्त की थी। पुलिस पतासाजी कर रही थी, इसी दौरान बालक का शव कैमोर थानांतर्गत गांजर- हर्रैया मार्ग के किनारे पॉलिथीन में पैक मिला। घटना के बाद से मृतक के परिवार जनों का रोरोकर बुरा हाल है। बालक की निर्मम हत्या किसने की, वारदात के पीछे वजह क्या है इन सवालों की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुट गई है।



