नहरो की नहीं हुई सफाई किसानों को समय पर नहीं मिलेगा पानी
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । क्षेत्र की जीवनदायिनी कही जाने वाली सेमरी परियोजना की नहरों के निर्माण में शुरू से किया गया भ्रष्टाचार हमेशा सुर्खियों में रहा है प्रत्येक वर्ष नहरों की सफाई के नाम पर लाखों रुपए का बजट स्वीकृत कराया जाता है। और समय पर उनकी सफाई नहीं हो पाने के कारण हर साल किसानों को देरी से पानी उपलब्ध हो पाता है। जिससे उनकी फसलें प्रभावित होती हैं कई इलाकों में नहरें टूटती हैं जिससे किसानों की उपज खराब होती है। बावजूद इसके आज तक कोई सकारात्मक उपाय नहरो को लेकर नहीं किया गया है। अभी स्थिति यह है कि नहरों में बड़ा-बड़ा घास उगा हुआ है नीचे मिट्टी और रोड़ा जमा हुआ है कई जगह से नहरे दरक रही हैं लेकिन सुधार और सफाई की तरफ अधिकारियों का ध्यान नहीं है।
एक और प्रदेश एवं केंद्र की सरकार खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं लागू कर रही है। वहीं दूसरी ओर सेमरी जलाशय से निकलने वाली नहरो का कोई पुरसाने हाल नहीं है। सोयाबीन आदि की फसलें बर्बाद होने से हैरान-परेशान किसान सेमरी जलाशय के अधिकारियों की इस लापरवाही पर आक्रोशित नजर आ रहा है।
जय किसान शक्ति के सौरभ शर्मा का कहना है कि इस वर्ष भी किसानों को समय पर नही मिल पाएगा सेमरी नहर का पानी हर साल सीजन पर पलेवा के लिए नही मिल पाता है पानी, किसान अपनी फसलों की बुवाई समय से नही कर पाता जिससे फसलों का उत्पादन भी घट जाता है ।
जय किसान शक्ति के संयोजक डॉ रवि शर्मा का कहना है कि सेमरी विभाग के अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा प्रति वर्ष क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को भुगतना पड़ता है किसान 1 नंवम्बर से पानी छोड़ने का इंतजार कर रहे है वहीं नहरों में कई किलोमीटर तक साफ सफाई होना बाकी है जो घास और कचड़े से भरी हुई है व कई जगह छतिग्रस्त भी है ।
जय किसान शक्ति के अध्यक्ष बाल गिरी गोस्वामी का कहना है कि सेमरी जलाशय विभाग की इस प्रकार कछुआ चाल के कार्य से किसानों को चिंता सताने लगी है पूर्व वर्षों की भांति इस बार भी विभाग सजगता से कार्य नही कर रहा है । उन्होंने आरोप लगाया कि शुरू से ही सेमरी जलाशय नहरों के कार्यो में भारी भ्रष्टाचार होता आया है अभी भी इसी दिशा मैं कार्य चल रहा है।
किसानों ने की मांग:- क्षेत्र के किसान प्रदीप दुबे, अहद पटेल ध्वाज, नारायण सिंह परसोरा, नाजिर नवाब सलैया, माजिद शाह, प्रकाश राठौर खिरिया नारायण दास, प्रताप सिंह जाट, हेमराज राठौर गढ़ोईपुर, भगवान सिंह सोलंकी, रफीक मंसूरी सुमेर, संजय पटेल, नारायण सिंह पटेल हप्सिली, अवधेश पटेल फतेहपुर, इत्यादि किसानों ने कलेक्टर अरविंद दुबे से मांग की है कि शीघ्र सेमरी जलाशय की नहरों की सफाई कराकर किसानों को पानी उपलब्ध कराया जाए।
इस संबंध में सेमरी जलाशय के एसडीओ अरविंद यादव का कहना है कि नहरों की सफाई का काम शुरू करा दिया गया है किसानों को 15 नवंबर से पानी उपलब्ध कराया जाएगा।



