बाल संवर्धन एवं संरक्षण सप्ताह अंतर्गत विधिक साक्षरता शिविर सम्पन्न

सिलवानी । प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायसेन अनिल कुमार सुहाने के मार्गदर्शन में, तहसील विधिक सेवा समिति सिलवानी द्वारा बाल संवर्धन एवं संरक्षण सप्ताह अंतर्गत शुक्रवार को मां शारदा विद्यालय सिलवानी में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति सिलवानी सुनीता पचौरिया ने उपस्थित छात्र/छात्राओं को बताया कि बाल संवर्धन एवं संरक्षण सप्ताह अंतर्गत बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं एवं उनके संरक्षण के लिए विधिक सेवाएं योजना 2015 को लेकर अभियान चलाया गया है। विधिक सेवा प्राधिकरण का निर्माण ही नि:शुल्क सेवा करने के लिए हुआ है। उन्होंने बताया कि यदि बच्चों का लक्ष्य निर्धारित कर तैयारी कराएं तो निश्चित रूप से समाज आगे बढ़ेगा। इसलिए बच्चों को शिक्षा बहुत आवश्यक है, बच्चों को सामाजिक संस्कार दें तथा घरेलू हिंसा से दूर रखें। उन्होंने कहा कि बच्चों में लैंगिक भेदभाव ना रखें उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में सहयोग करें। कम उम्र के बच्चों को बाजार में काम करने के लिए ना भेजें यदि ऐसा करते हुए बच्चे पाए जाते हैं तो उनके अभिभावक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।बालकों की देखरेख और संरक्षण अधिनियम 2015 का मुख्य उद्देश्य विधि से संघर्षरत बच्चों तथा देखभाल और संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की बाल मैत्री प्रक्रिया के तहत उनके सर्वोतम हित को ध्यान में रखते हुए उनकी समुचित देखरेख, पुनर्वास, संरक्षण, उपचार एवं विकास सुनिश्चित करना हैं । उन्होने कहा की बच्चो के सर्वांगीन विकास के लिए शिक्षा के साथ साथ खेलकूद भी जरुरी है ।
विधिक साक्षरता शिविर में मां शारदा स्कूल प्राचार्य मदन रघुवंशी द्वारा उपस्थित छात्र/छात्राओं को नशे से दूर रहने लिए कहा गया । उक्त विधिक साक्षरता शिविर में स्कूल के छात्र छात्राओं सहित स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।



