मध्य प्रदेश

निर्माणाधीन संदीपनी विद्यालय का पूर्व मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों ने किया निरीक्षण

समय-सीमा निकलने के बाद भी निर्माण कार्य अधूरा, शीघ्र विद्यालय शुरू कराने के दिए निर्देश
सिलवानी। नगर में लंबे समय से निर्माणाधीन सांदीपनी विद्यालय का पूर्व केबिनेट मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने नगर के जनप्रतिनिधियों के साथ निरीक्षण किया। विद्यालय भवन का निर्माण कार्य लंबे समय से जारी है, लेकिन निर्धारित समय-सीमा निकल जाने के बाद भी कार्य पूर्ण नहीं हो सका है। इसे लेकर नगरवासियों में नाराजगी है।
नगरवासियों ने पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत से विद्यालय का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराकर विद्यालय प्रारंभ कराने की मांग की थी। लोगों का कहना है कि वर्तमान विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण पर्याप्त स्थान की समस्या बनी हुई है। नए विद्यालय भवन के प्रारंभ होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
नगरवासियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने निर्माणाधीन विद्यालय का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के विभिन्न हिस्सों का जायजा लेते हुए निर्माण कार्य की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान पूर्व मंत्री ने निर्माण कंपनी के उपस्थित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि विद्यालय भवन में जो भी कमियां पाई जा रही हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा आवश्यक कार्य शीघ्र पूर्ण कर विद्यालय को प्रारंभ कराने की दिशा में कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर नगर के जनप्रतिनिधि एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, भाजपा नेता विभोर नायक पार्षद प्रदीप कुशवाहा, पुनीत समैया, संदीप शर्मा, राजीव सोनी, जगदीश साहू, किशोर सिंह शेखावत, प्ररषोतम सोनी, स्वतंत्र राय, विकास खंड शिक्षा अधिकारी रूपेन्द्र ठाकुर, विद्यालय प्राचार्य एन पी शिल्पी, रत्ना शुक्ला एवं संबंधित निर्माण एजेंसी के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button