बैडमिंटन कोर्ट में नया मेट लगवाने छोटे खिलाड़ियों ने पूर्व मंत्री को सौंपा ज्ञापन

सिलवानी। नगर के सांदीपनी विद्यालय परिसर स्थित कम्युनिटी हॉल के बैडमिंटन कोर्ट में नया मेट लगवाने की मांग को लेकर छोटे-छोटे खिलाड़ियों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह राजपूत को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में खिलाड़ियों ने बताया कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (कम्युनिटी हॉल) में बैडमिंटन कोर्ट पर लगा पुराना मेट पूरी तरह खराब हो चुका है। इसके कारण विकासखंड क्षेत्र के खिलाड़ियों को अभ्यास और खेलने में काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। खराब मेट के कारण खिलाड़ियों के गिरने से चोट लगने की आशंका भी बनी रहती है।
छोटे खिलाड़ियों ने पूर्व मंत्री से आग्रह किया कि खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कम्युनिटी हॉल स्थित बैडमिंटन कोर्ट में शीघ्र नया मेट लगवाया जाए, ताकि खिलाड़ी सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण में अभ्यास कर सकें।
ज्ञापन देने वालों में आराध्य साहू, मनया जैन, लक्ष्मी प्रजापति, शिवनशी, अंशी राय, आरती चौरसिया, पीहू साहू सहित बड़ी संख्या में युवा एवं छोटे खिलाड़ी उपस्थित रहे।



