मध्य प्रदेश

पेंशनर एसोसिएशन ने विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन सौंपा

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । पेंशनर एसोसिएशन तहसील शाखा अध्यक्ष मंशाराम पंथी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी के माध्यम से नायब तहसीलदार अताउल्लाह खान को सौंपकर पेंशनरों की न्यायोचित मांगो का शीघ्र निराकरण करने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि प्रदेश के साढ़े चार लाख पेंशनर्स अपनी न्यायोचित मांगो के लिए निरंतर शासन से अनुनय विनय, ज्ञापन धरना आदि माध्यमों से निराकरण किए जाने का अनुरोध पेंशनर्स एसोसिएशन के माध्यम से करते आ रहे हैं। परन्तु पेंशनर्स की निरंतर उपेक्षा की जा रही है। तथा उनकी न्यायोचित मांगों का निराकरण नहीं किया जा रहा है। इससे पेंशनर्स में घोर असंतोष व्याप्त है तथा वे आर्थिक तंगी बदहाली का जीवन जी रहे हैं। ज्ञापन में अनुरोध किया गया है कि छत्तीसगढ़ मध्यप्रदेश के बीच आपसी सहमति की अवैधानिक परंपरा को बंद कर पेंशनर्स को केन्द्र के समान 38 प्रतिशत तथा समय- समय पर की जा रही महंगाई राहत में वृद्धि केन्द्रीय दर से अविलम्ब स्वीकृत की जाए,सातवें वेतनमान का लम्बित 27 माह के एरियर का भुगतान किया जाए, पेंशनर्स को आयुष्मान योजना अथवा पेंशन बीमा योजना से जोड़ा जाए, म.प्र. छत्तीसगढ़ पुर्ननिर्माण अधिनियम 49 को अविलम्ब विलोपित किया जाए, पेंशनर्स को वर्तमान में 80 वर्ष पूर्ण होने पर 20 प्रतिशत की वृद्धि की जाती है। जो कि न्यायालयीन निर्णय के परिप्रेक्ष्य में 79 वर्ष की आयु पूर्ण होते ही प्रदान की जाए, नियमित की तरह पेंशनर्स को भी 50,000/- उपादान राशि (एक्सग्रसिया) प्रदान की जाए, राज्य के पेंशनर्स को केन्द्र के पेंशनर्स की भांति एक हजार रु. चिकित्सा भत्ता प्रदान किया जाए, छटवे वेतनमान अंतर्गत 32 माह का लम्बित एरियर राज्य पेंशनर्स को दिया जाए, नई पेंशन योजना बंद कर पुरानी पेंशन योजना लागू करने जैसी उक्त मांगों पर गंभीरता से विचार कर निराकरण करने की मांग की गई है।
ज्ञापन सौंपने वालों में मंशाराम पंथी, भैया लाल गौर, व्हीके खरे, आरएस दुबे, श्याम लाल मालवीय, अ. हफीज अली, मिट्ठू लाल विश्वकर्मा, घनश्याम चौबे, जमुना प्रसाद चौरसिया, एमएस खरे, जलील भाई, बलिराम भगत, उदयराम शाक्य, दुर्गा प्रसाद लोधी, हरिसिंह ठाकुर, वृन्दावन सेन आदि प्रमुख हैं।

Related Articles

Back to top button