धार्मिक

धर्म प्रभावना हेतु कांठिया मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा, मंगल भवन में आरंभ हुई श्रीमद्भागवत कथा

सिलवानी। नगर में धार्मिक चेतना और भक्ति का संचार करते हुए संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ कांठिया मंदिर से कलश यात्रा के साथ किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य धर्म प्रभावना और समाज में आध्यात्मिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर भाग लिया। वहीं कथा के मुख्य यजमान ने सिर पर श्रीमद्भागवत ग्रंथ को विराजमान कर पूरे विधि-विधान से यात्रा में भाग लिया। यह कलश यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए स्टेट बैंक के सामने स्थित मंगल भवन पहुंची, जहां कथा स्थल को भक्ति के वातावरण से सुशोभित किया गया। यात्रा के मार्ग में नगरवासियों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिरस में डूब गया।
कथा का वाचन पंडित बलराम दीक्षित द्वारा किया जा रहा है। जो भावपूर्ण शैली में श्रीमद्भागवत के विविध प्रसंगों की व्याख्या कर श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और ज्ञान से ओतप्रोत कर रहे हैं।
इस सात दिवसीय धार्मिक आयोजन तुलाराम कुशवाहा, गंगाराम साहू, छोटेलाल कुशवाहा एवं धन्नुलाल कुशवाहा द्वारा किया जा रहा है। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button