क्राइम

मृतका के परिजनों ने घर बेचने के लिए लिखा यह मकान बिकाऊ हैं

आरोपी मां और बहन के साथ गिरफ्तार, आरोपी की मां ने भी कराई एफआइआर
रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
विदिशा । दुपारिया के बाद लटेरी की भी एक बेटी मनचलों की छेड़खानी की भेंट चढ़कर दुनिया छोड़ गई। मृतका के पिता ने बताया कि हम लोग बहुत डरे हुए हैं। दूसरे बच्चों और हमारी जान खतरे में है। इसलिए मकान बेचकर कहीं जाएंगे। रविवार को देर रात तक आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर चले चक्काजाम के बाद पुलिस ने दो आरोपियों पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। लेकिन इस बीच आरोपी आमिर खान की रिपोर्ट पर पुलिस ने चक्काजाम के दौरान आरोपी के घर पहुंचकर प्रदर्शन करने, तोड़फोड़ करने और मारपीट के आरोप में छह युवाओं पर भी मामला दर्ज कर लिया।
उधर बेटी का अंतिम संस्कार कर घर लौटे परिजनों ने अपने मकान को बेचकर कहीं और जा बसने का फैसला करते हुए मकान हुए मकान पर यह मकान बिकाऊ है लिख दिया। मृतका के परिजन अभी भी डरे हुए हैं। उनका कहना है कि हमने बेटी तो खो दी, पर अब हमारी जान को खतरा है। रविवार शाम को अपने ही अपने घर में 12वीं की छात्रा ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद मृतका के पिता ने आमिर खान पर लगातार परेशान करने का आरोप लगाया था।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी आमिर खान, उसकी मां शमीम बानो और बहन ताजवर को गिरफ्तार कर लिया। इसी प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग आरोपी के घर जा पहुंचे थे। आरोपी की मां शमीम बानो ने लटेरी थाने पहुंचकर अभिषेक बघेल, रीतेश पंडा, निश्चल शर्मा, मनोज कुशवाह, अजय मीना और पर्व शर्मा के खिलाफ घर का दरवाजा तोड़ने, बदतमीजी करने और घर में तोड़फोड़ का आरोप लगाया। सोमवार को मृतका का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस संबंध में अजय मिश्रा, एसडीओपी लटेरी का कहना है कि आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में आमिर, उसकी मां और बहन को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरी ओर तोडफोड के मामले में भी प्रकरण कायम किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button