सीमांकन के नाम पर 5 हजार की रिश्वत लेते पटवारी लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा, रंगे हाथ गिरफ्तार

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए कटनी जिले की स्लीमनाबाद तहसील के हल्का नंबर 8 कौड़ियां के पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा को 5,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई बहोरीबंद रोड स्थित उसके निजी कार्यालय में की गई।
लोकायुक्त के अनुसार, आवेदक शिवकुमार जायसवाल (52 वर्ष), निवासी ग्राम कौड़ियां, तहसील स्लीमनाबाद, जिला कटनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी देववती के नाम खरीदी गई 1 एकड़ 80 डिसमिल भूमि के सीमांकन के बदले पटवारी द्वारा 5,000 की मांग की जा रही थी। सत्यापन के दौरान आरोपी पटवारी उक्त राशि लेने के लिए तैयार हो गया।
योजनाबद्ध कार्रवाई के तहत मंगलवार 9 जून 2026 को आवेदक ने आरोपी को उसके किराए के निजी कार्यालय में 5,000 की रिश्वत राशि दी, जिसके तत्काल बाद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
यह ट्रैप कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश तथा पुलिस उप महानिरीक्षक श्री मनोज सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्रवाई में निरीक्षक राहुल गजभिए (टीएलओ), निरीक्षक शशिकला मस्कुले सहित जबलपुर लोकायुक्त की टीम शामिल रही।



