भगवान चित्रगुप्त के प्रकटोत्सव पर निकाली शोभायात्रा

महिलाओं ने जमकर किया नृत्य, जगह-जगह हुई पुष्प वर्षा
रायसेन । मंगलवार को भगवान श्री चित्रगुप्त जी का प्रकटोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कायस्थ समाज द्वारा श्री चित्रगुप्त मंदिर में सुबह से ही कई धार्मिक कार्यक्रम किए गए। सबसे पहले भगवान का अभिषेक एवं हवन पूजन किया गया। शाम 5:30 शहर के मुखर्जी नगर शिवोम दुर्गा शक्ति पीठ से कायस्थ महासभा द्वारा ढोल नगाड़ों के साथ नाचते गाते भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जो शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई वापस चित्रगुप्त मंदिर पहुंची। इस दौरान शोभा यात्रा का जगह- जगह पुष्प वर्षा कर लोगों द्वारा स्वागत किया गया। कायस्थ महासभा सभा के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश सक्सेना बताया कि श्री चित्रगुप्त भगवान प्रकटोत्सव प्रत्येक वर्ष की वैशाख शुक्ल की सप्तमी (गंगा सप्तमी) को बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है शोभायात्रा में झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बग्घी घोड़े, बैंड-बाजे, डीजे शामिल हुए। शोभायात्रा में मुख्य आकर्षण का केंद्र भगवान श्री चित्रगुप्त जी का रथ था। इस मौके पर समाज की महिलाओं द्वारा शोभा यात्रा में पूरे उत्साह के साथ नृत्य करते हुए चल रही थी। इस अवसर पर मप्र प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन जिला शाखा रायसेन के जिलाध्यक्ष हनुमान प्रसाद शर्मा एवं कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।



