मध्य प्रदेश

महाविद्यालय में स्वास्थ्य, पोषण एवं महिला स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सेवा संकल्प अभियान के तहत स्लीमनाबाद में
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान।  सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय स्लीमनाबाद में मंगलवार को स्वास्थ्य, पोषण एवं महिला स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया ।  कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं को बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित आहार, स्वच्छता तथा पोषण के प्रति जागरूक करना रहा ।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषक अनाज, दालों एवं हरी सब्जियों से तैयार विभिन्न व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई ।  विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही स्वच्छता के लाभ बताते हुए हाथ धोने की सही प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया गया ।
*स्वस्थ जीवन के लिए पौष्टिक आहार जरूरी*
चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिवम दुबे ने पोषण संबंधी जानकारी देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए नियमित रूप से संतुलित एवं पोषक आहार का सेवन आवश्यक है ।  भोजन में आवश्यक पोषक तत्वों को शामिल करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और अनेक बीमारियों से बचाव किया जा सकता है ।  उन्होंने महिलाओं को स्वयं के स्वास्थ्य के साथ बच्चों के पोषण, वृद्धि, निगरानी एवं समुचित विकास के प्रति भी सजग रहने की सलाह दी ।
*एनीमिया से बचाव के लिए जागरूकता*
कार्यक्रम में स्वस्थ माता-स्वस्थ शिशु विषय पर पोषण संवाद भी आयोजित किया गया ।  डॉ. शिवम दुबे ने बच्चों में बढ़ती मोटापे की समस्या को लेकर संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया ।  उन्होंने एनीमिया के कारण एवं उससे बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए बताया कि शरीर में खून की कमी होने पर एनीमिया की स्थिति उत्पन्न हो सकती है । महिलाओं को पौष्टिक आहार के साथ स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जांच एवं सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया ।
*महिला स्वच्छता और अधिकारों पर भी हुई चर्चा*
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया ।  साथ ही महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया ।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सरिता पांडेय, डॉ. किरण खराड़ी, डॉ. अनिल शाक्य, डॉ. प्रविता सिंह, डॉ. पूनम पांडेय, श्रेया मिश्रा, अंजना पांडेय सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे ।  कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली, पोषण और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया ।

Related Articles

Back to top button