श्री दुर्गा उत्सव, दशहरा को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । 11 अक्टूबर से श्रीनवदुर्गा उत्सव प्रारंभ होने जा रहा है। जिसकी व्यवस्थाओं को लेकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक एसडीएम प्रियंका भलावी की अध्यक्षता में संपन्न हुई । बैठक में विशेष रूप से एसडीपी सोनाली गुप्ता, थानाप्रभारी राजीव उईके, बिजली विभाग से जेई बीएल शाक्य , सीबीएमओ डॉक्टर नितिन तोमर, नपाध्यक्ष संदीप लोधी, नपा से साकेत भार्गव, वन विभाग लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी शांति समिति सदस्य उपस्थित थे।
हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष सचिन नेमा ने बताया कि नगर में 11 अक्टूबर से अनेक स्थान पर श्रीनवदुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना होगी एवं नगर सहित आसपास के विभिन्न श्रीनवदुर्गा मंदिरों में प्रातः काल से पूजा अर्चना के लिए महिलाओं सहित श्रद्धालुओं की भीड़ लगेगी। विशेष रूप से खिरिया नारायण दास स्थित माता मंदिर टेकरी, खैरापति माता मंदिर काजी मोहल्ला ,माता मंदिर टीचर कॉलोनी आदि स्थानों पर पुलिस की विशेष व्यवस्थाएं की बात पर एसडीएम ने पुलिस को निर्देशित किया।
वहीं नगर पालिका प्रशासन के लिए निर्देशित किया गया कि सभी स्थान की साफ सफाई , पेयजलापूर्ति , मुरम सहित अन्य व्यवस्थाएं करें।
विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वह विद्युत व्यवस्था सुचारू रखें इसके अतिरिक्त श्रीदुर्गा उत्सव चल समारोह के दौरान बिजली के तारों को ऊंचा करने के साथ जुलूस में आगे -पीछे बिजली कर्मियों की टीम नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए। प्रत्येक झांकी पर दो सदस्यों की रात्रि कालीन ड्यूटी, चल समारोह में डीजे पर पूर्णत प्रतिबंध, धारदार हथियारों के प्रदर्शन पर रोक , चल समारोह या झांकियां पर धीमी आवाज में हाई कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार ही ध्वनी विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने आपत्तिजनक गानों के प्रसारण पर पूरी तरह प्रतिबंध आदि के निर्देश दिए गए, चुनरी यात्रा गरबा कार्यक्रम की जानकारी पूर्व से ही प्रशासन को देने की हिदायत दी गई। चल समारोह मार्ग और दशहरा मैदान की व्यवस्थाओं के लिए भी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
श्री नवदुर्गा के अंतिम चार दिन रात 12 बजे तक दुकाने खोलने पर सहमति बनी। वही किसी नए स्थान पर स्थापना की जानकारी पहले से ही उपलब्ध कराने और विवादित स्थान पर स्थापना नहीं करने की हिदायत भी दी गई। झांकी स्थल पर विद्युत लाइन का सुरक्षात्मक तरीके से उपयोग करने का सुझाव दिया गया।
हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष द्वारा दशहरा चल समारोह, श्री दुर्गा जी विसर्जन चल समारोह की विस्तार से जानकारी दी गई।
सभी ने यह प्रण दोहराया कि नगर की गंगा जमुनी परंपरा अनुसार ही सभी कार्यक्रम मिलजुलकर मनाए जाएंगे।
बैठक में विशेष रूप से मुस्लिम त्योहार कमेटी अध्यक्ष आरिफ राईन, नगर पालिका उपाध्यक्ष सुदर्शन घोषी, वरिष्ठ अधिवक्ता मो. मतीन सिद्दीकी, बद्री विशाल गुप्ता, संदीप विश्वकर्मा, संतोष राय, राजेश यादव, डॉक्टर जितेंद्र तोमर, सविता भार्गव, पार्षद जफर शाह शाकिर मंसूरी, राजीव दुबे, अतीक गौरयान, शुभम दुबे, मुजाहिद अहमद,बाबा शोएब पठान, राजा बाबू सेन, प्रभु सेन, जय कुमार जैन, गुड्डा यादव, सतीश दुबे, पत्रकार शरद शर्मा, शानू रैकवार, अमजद खान, आकाश गोयल सहित अन्य शांति समिति सदस्य, डीजे संचालक नगर रक्षा समिति सदस्य दुर्गा उत्सव समिति की जिम्मेदार मौजूद थे।



