बढ़ती चोरियों के मद्देनजर पुलिस हुई सक्रीय

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । नगर सहित ग्रामीण अंचल में पिछले कुछ माह से हो रही चोरी की वारदातों के मद्देनजर पुलिस सतर्क ओर सक्रिय हो गई है। वहीं 5 माह पहले भा.स्टेट बैंक में शाखा के अंदर से ही एक किसान बालकिशन सिंह सोलंकी ग्राम नारायणपुर के बेग से करीब 3 लाख रुपए चोरी चले गए थे। ओर पूर्व में बैंक के बाहर से भी दो बार इसी प्रकार हितग्राहियों के पैसे चोरी हो चुके हैं।
पुलिस द्वारा रात्रि गश्त के साथ संदिग्धों पर कड़ी नजर ओर रिकॉर्डशुदा बदमाशों एवं चोरों की भी परेड कराने के साथ उन पर कड़ी निगरानी शुरू करवा दी है।
हाल ही में थानाप्रभारी राजीव उइके ने पुलिस बल के साथ नगर के सभी बैंकिग संस्थाओं भारतीय स्टेट बैंक, सेंट्रल बैंक आफ इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक, मप्र ग्रामीण बैंक, एचडीएफसी बैंकों सहित अन्य निजी बैंकों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बैंकों में सीसीटीवी कैमरों , सुरक्षा गार्ड की तैनाती , बैंकों के अंदर एवं बाहर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किए जाने के उपरांत बैंक प्रबंधन को चाकचौबंद रहकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने के लिए कहा। जिन बैंकों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं मिली उन्हें नियमानुसार हाई क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगवाने एवं सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने के लिए कहा गया।



