मंडीदीप में गैल इंडिया कंपनी से गैस रिसाव, आधा दर्जन से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती
मंडीदीप । रायसेन जिले के मंडीदीप औद्योगिक नगर में बीती रात लगभग 8 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लोगों ने हवा में विशेष प्रकार की गंध को महसूस किया। इससे उन्हें जी मचलाना, उल्टी और चक्कर आने लगा। लोग समझ नहीं पा रहे थे कि हवा कैसे जहरीली हो गई। ऐसे में उन्हें भोपाल गैस कांड की याद आई और वे घबरा गए। लोग समझ नहीं पा रहे थे कि क्या करें ? कुछ लोगों ने इसकी सूचना सतलापुर पुलिस थाने को दी। वहीं करीब आधा दर्जन लोगों को निजी अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।
जानकारी के अनुसार हवा का रुख सतलापुर की ओर था। यह गैस गैल इंडिया कंपनी की ओर से आ रही थी। हवा का रुख सतलापुर की ओर होने के कारण इसका सबसे अधिक प्रभाव सतलापुर में ही देखने को मिला। आधा दर्जन से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती
निजी अस्पताल के डॉक्टर ने फोन पर बताया कि हमारे यहां 6 से अधिक लोग इलाज के लिए देर रात पहुंचे थे। उन्होंने जी मचलना, उल्टी और चक्कर आने की शिकायत की थी। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी छुट्टी कर दी गई।
ओडोरेंट हुआ लीक
गैल इंडिया के डीजीएम एमएल श्रीवास्तव ने बताया कि शाम लगभग 7.30 पर गैस में गंध के लिए डाला जाने वाला ओडोरेंट पाइप के माध्यम से मिलाया जा रहा था। तभी पाइप में बचा ओडोरेंट थोड़ा सा लीक हो गया। ओडोरेंट गैस लीक होने गंध का एहसास कराता है। जो परफ्यूम की तरह ही गैस में गंध के लिए ही डाला जाता है। जिससे कि गैस लीक होने पर पता चल जाए, हालांकि इसके कोई साइड इफेक्ट्स नहीं होते। हमने लगभग आधा घंटे में ही इसके काबू पा कर गंध पर नियंत्रण कर लिया।
निरीक्षण कर करेंगे कार्रवाई
इस संबंध में हेल्थ एंड सेफ्टी विभाग के डिप्टी डायरेक्टर अजय पाल सिंह का कहना है कि मुझे इसकी जानकारी मिली है। अभी मैं बाहर हूं, कल जब मैं भोपाल पहुंचुंगा तो प्लांट का निरीक्षण कर जानकारी लेकर उचित कार्रवाई करूंगा।




