खड़े ट्रक से बाइक सवार टकराया मौके पर मौत, घटनास्थल पर गुस्साए लोगों ने ट्रक को किया आग के हवाले

मौके पर पहुंची पुलिस ने आग पर पाया काबू, पुलिस-प्रशासन अलर्ट
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
पथरिया/दमोह । पथरिया मार्ग टोल टैक्स बचाने के लिए भारी वाहन बड़ी सख्या में निकलते हैं. इन भारी वाहनों के निकलने से यह ट्रक चालक रोड पर ही वाहन खड़े कर देते हैं. पथरिया में बुधवार रात करीब 10 बजे चौधरी वेयर हाउस के पास सड़क पर खड़े एक ट्रक से एक बाइक सवार टकरा गया जिसकी मौके पर मौत हो गई. पथरिया के वार्ड क्रमांक 7 में रहने वाला आकाश पिता भोलाराम बहेरिया उम्र 23 वर्ष बाइक से पथरिया के पास इमलिया गांव जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया. हादसे की खबर जैसे ही परिजनों को मिली तो वो घटनास्थल पर पहुंच गए और गुस्साए लोगों ने ट्रक क्रमांक एमपी 15 एच 1874 को आग के हवाले कर दिया. ट्रक को चालक ने बीच सड़क पर ही खड़ा कर दिया था. उसमें इंडिकेटर भी नहीं चल रहे थे. इसलिए बाइक सवार अंधेरे में ट्रक को नहीं देख पाया और सीधे टकरा गया. हादसा होते ही ट्रक चालक, क्लीनर वहां से भाग गए. पथरिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को काबू करने का प्रयास किया, लेकिन लोग काफी गुस्से में थे और उनकी संख्या लगातार बढ़ती जा रही थी. वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के बाद जिला मुख्यालय से भी बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर भेजा गया तब जाकर लोग शांत हुए. बता दें कि मौके पर दमोह से सीएसपी अभिषेक तिवारी, आरआई हेमंत बरहैया, टीआई दमोह देहात मनीष कुमार, बटियागढ़ थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी, थाना प्रभारी हिंडोरिया धर्मेंद्र गुर्जर, चौकी प्रभारी सागर नाका नीतीश जैन, जबलपुर नाका चौकी प्रभारी आनंद कुमार सहित पुलिस बल ने वज्र वाहन के साथ पहुंचकर शांति व्यवस्था कराई। गुरुवार की सुबह शव का पोस्ट मार्डम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है, फिलहाल माहौल शांत है.
*भारी वाहनों से आए दिन होती हैं दुर्घटनायें*
पथरिया नगर में भारी वाहनों के दिन में प्रवेश करने से आए दिन दुर्घटनाओं का तांडव देखने को मिलता रहता है. वहीं सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारी वाहन चालक टोल टैक्स बचाने के चक्कर में दमोह से हाईवे रोड जाने के बजाए पथरिया रोड जाना पसंद करते हैं और उनके इस टोल टैक्स बचाने के चक्कर में नगर के ट्राफिक में से भारी वाहनों के गुजरने के कारण दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है. जिसका शिकार बाइक सवार ज्यादा होते हैं और सड़क के आसपास से गुजरने वाले बच्चों पर भी खतरा मंडराता रहता है.
*गुरुवार सुबह पुलिस प्रशासन पुनः पहुंचा*
गुरुवार सुबह एसडीएम पथरिया एनके चौरसिया, सीएसपी अभिषेक तिवारी, थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी के अलावा और भी थाना प्रभारी और पुलिस बल पुनः घटनास्थल गांव पहुंचा, जहां शांति कायम देखी जा रही है।
*30 से 40 लोगों पर मामला दर्ज*
थाना प्रभारी पथरिया सुधीर कुमार बेगी ने बताया कि फरियादी ट्रक मालिक के बताए अनुसार ट्रक को जलाने वाले 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर तलाश शुरू कर दी गई है. साथ ही फरियादी द्वारा बताया गया है कि चालक, कंडक्टर अभी फिलहाल फरार है वह ट्रक जलाने वाले 8-10 लोगों को जानते हैं, मिल जाए फिर उसके बाद उनसे जानकारी लेकर उन पर कार्रवाई की जाएगी।



