मकान में लगी आग, आग से दो मवेशियों की घटनास्थल पर ही मौत 3 मवेशी घायल एक की गंभीर स्थिति
नपा की दमकल ने पहुंच कर पाया आग पर पूरी तरह काबू, करीब 6 लाख का हुआ नुकसान
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । जनपद पंचायत के गांव करहोला के एक किसान के गांव के बाहर बने मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई जिसके चलते मकान में बंधे मवेशियों में एक भैंस एक बछड़ा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई वही 3 मवेशी बुरी तरह झुलस गए जिसमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। मकान में रखा कृषि कार्य का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया ग्रामीणों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया लेकिन आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते सब कुछ राख हो गया । नगर पालिका की दमकल ने पहुंचकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया आग से करीब 6 लाख रु. का नुकसान होना बताया गया है। घटनास्थल पर राजस्व एवं पुलिस प्रशासन की टीम पहुंच गई जिसने आगजनी के कारणों एवं हुए नुकसान का आकलन किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करहोला गांव के किसान टीकाराम पुत्र नन्हेलाल गौर का एक कवेलू वाला कच्चा मकान गांव के बाहरी तरफ बना हुआ है जिसमें कृषि कार्य का सामान और मवेशी बांधे जाते हैं मकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई मकान के थोड़े पास रहने वालों ने तत्काल मकान मालिक टीकाराम को इसकी जानकारी दी जब तक ग्रामीण आग बुझाने के लिए आए तब तक आग पूरे मकान में बुरी तरह फैल चुकी थी फौरन ही नगरपालिका की दमकल को पुलिस को सूचना दी गई तब तक आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया आग से मकान में बंधी ₹80000 कीमत की एक भैंस एक बछिया की जलने से मौत हो गई वहीं एक पड़ा बुरी तरह झुलस गया है। जिसका बचना संभव नजर नहीं आ रहा है। तथा एक भैंस एक गाय भी आग से झुलस गई हैं जिन्हें ग्रामीणों की मदद से बचा लिया गया। घायल मवेशियों का उपचार कराया जा रहा है। आग से मकान सहित मकान में रखा कृषि में उपयोग किया जाने वाला सामान जिसमें विद्युत मोटर, डोरी, करीब 60 पाइप, लपेटा पाइप, भुसा, जलाऊ लकड़ी, उपले सहित अन्य सामान जलकर ख़ाक हो गया। ग्रामीणों एवं नपा की दमकल चालक समसुद्दीन खान एवं फायरमैन शकील कुरेशी के अथक प्रयासों से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा बनाकर मृत मवेशियों का पीएम कराने के उपरांत उनका अंतिम संस्कार करा दिया है। यह तो अच्छा रहा कि मकान के आसपास अन्य मकान नहीं लगे थे अन्यथा बड़ी घटना से इनकार नही किया जा सकता था।
मकान मालिक टीकाराम गौर ने घटना से करीव 6 लाख का नुकसान होने का अनुमान बताया है। आग लगने की वजह अभी साफ नही हो पाई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी राजपाल सिंह जादौन का कहना है कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है पटवारी द्वारा नुकसानी पंचनामा तैयार किया जा रहा है।




