मतदाताओं को नैतिक और अनिवार्य मतदान हेतु किया जा रहा है प्रेरित
रायसेन । त्रि-स्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकाय निर्वाचन 2022 में अधिक से अधिक मतदाता मतदान केन्द्र पहुंचकर अपने मताधिकार का उपयोग करें, इसके लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द कुमार दुबे के निर्देशानुसार जिले में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में छात्र-छात्राएं, युवा तथा नागरिकों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जिले के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, दौड़, चित्रकला, रंगोली आदि विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को मताधिकार का महत्व बताते हुए बिना किसी भय, दबाव या लालच के स्वविवेक से नैतिक मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त ऑगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित अन्य मैदानी अमले द्वारा घर-घर जाकर पीले चावल देकर परिवार के वयस्क सदस्यों को स्थानीय चुनाव में अनिवार्य रूप से नैतिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।



