मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में हर गॉव, हर शहर में बह रही है विकास की गंगा : रामपाल सिंह

सुल्तानगंज क्षेत्र में 55 लाख के निर्माण कार्यो का किया गया भूमिपूजन
ग्राम मरखंडी में पानी के लिए खाली बर्तन रखकर महिलाओं ने लगाई गुहार

ब्यूरो चीफ शब्बीर अहमद
बेगमगंज । प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में विकास की गंगा, चहु़ओर बह रही है। चाहे गॉव की बात हो या शहर की या मंजरे-टोलों की हर जगह विकास के कार्य किए जा रहे हैं।
क्षेत्रीय विधायक ठाकुर रामपाल सिंह ने रविवार को सुल्तानगंज में कन्यापूजन और दीप प्रज्जवलन कर विकास यात्रा का शुभारंभ करते हुए अपने उद्बोधन में उक्त बात कही। यहां आयोजित कार्यक्रम में विधायक रामपाल सिंह ने पठार मोहल्ले में 18 लाख रु. की लागत की नल जल योजना का भूमिपूजन किया। विकास यात्रा सुल्तानगंज से प्रारंभ होकर बम्होरी, पिपलिया बिचोली, सोहनपुर, मोईया, सुनवाहा सहित अन्य ग्रामों में पहुंची। इस दौरान विधायक रामपाल सिंह ने लगभग 55 लाख रु. के विभिन्न कार्यो का भूमिपूजन तथा शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए।
विकास यात्रा के दौरान ग्राम मरखंडी में पानी की समस्या को लेकर महिलाओं ने खाली कुप्पीयां रखकर क्षेत्रीय विधायक से जल समस्या के निदान की मांग जोर-शोर से उठाई जिसका समुचित समाधान करने का आश्वासन विधायक द्वारा दिया गया ।
रामपाल सिंह ने कहा कि लोगों को सरकार की किसी ना किसी योजना का लाभ अवश्य मिल रहा है। सरकार द्वारा समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति तक जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया जा रहा है। सुल्तानगंज क्षेत्र में अब गॉव-गॉव में पक्की सड़क हो गई है। पहले ग्रामीणों को आने-जाने में बहुत परेशानी होती थी, लेकिन अब गॉवों की दिशा और दशा दोनों बदल गई है। चाहे स्कूल की बात हो या आंगनवाड़ी केन्द्र की या स्वास्थ्य केन्द्रों की। हर क्षेत्र में विकास के काम किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत हर घर में टोंटी से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। उज्जवला योजना के तहत महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने लाड़ली बहना योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री चौहान द्वारा लाड़ली बहना योजना शुरू की जा रही है। जिसमें महिलाओं के बैंक खाते में हर महीने एक-एक हजार रु. की राशि जमा की जाएगी। विधायक रामपाल सिंह ने लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अन्य योजनाओं का भी उल्लेख किया।
इन कार्यो का किया गया भूमिपूजन:- विधायक रामपाल सिंह द्वारा रविवार को विकास यात्रा के दौरान सुल्तानगंज में पठार मोहल्ले में 18 लाख रु. लागत की नल जल योजना, ग्राम पंचायत पिपलिया विचोली में 2 लाख 98 हजार रु.के निर्माण कार्य तथा 20 लाख रुपए लागत के ग्राम पंचायत भवन का भूमिपूजन किया । इसी प्रकार सोहनपुर में 9 लाख 50 हजार रु. की लागत के आंगनवाड़ी भवन एवं सुनवाहा में 4 लाख 50 हजार रु. की लागत के सीसी रोड कार्य का भूमिपूजन भी किया ।
इस दौरान जनपद जनपद सदस्य एडवोकेट राजेंद्र सोलंकी, एडवोकेट बलराम सिंह ठाकुर, जनपद सदस्य माखन शाह, जयपाल सिंह ठाकुर, नंदन व्यास, भगवान सिंह सोलंकी, चंद्रभान सिंह, शैलेंद्र यादव, विनीत खरे, आकाश कुशवाहा सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button