महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ कुएं में कूदने का मामला, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और हत्या का लगाया आरोप
सुल्तानगंज । रायसेन जिले की बेगमगंज तहसील के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बिचौली पिपलिया में एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। महिला के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। घटना बुधवार रात की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार सुबह तीनों शवों का पीएम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिए, जिनका दोपहर में अंतिम संस्कार किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। मृतका के चाचा, मां ने उनकी बेटी के ससुराल पक्ष पर हत्या के आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बिचौली पिपलिया निवासी 24 वर्षीय बत्ती बाई लोधी ने बुधवार रात दस बजे अपनी दो बेटियों के साथ गांव के पास एक कुंए में कूदकर जान दे दी। इसकी जानकारी तब मिली जब उसका पति रामकृष्ण लोधी ग्रामीणों के साथ अपनी पत्नी को तलाश करते हुए कुंए पर पहुंचा। शंका के आधार पर उसने कुंए में तलाश किया, जहां बत्तीबाई और दोनों बेटियों तीन वर्षीय दीपाली तथा आठ माह की अनामिका के शव मिले।
चाचा मलखान ने कहा होता था विवाद
बत्ती बाई के चाचा मलखान लोधी ने कहा कि उनकी भतीजी का उसके पति से आए दिन विवाद होता था। ससुराल वालों ने ही उसे मारकर कुंए में फेंका है। घटना से बत्तीबाई के मायके से पहुंचे लोगों का रो-रो कर बुरा हाल था। मृतका की मां का कहना था कि रक्षाबंधन पर बेटी उनके घर आई थी।
मृतका को ससुराल वाले प्रताड़ित करते थे
मगर मृतका को कुछ दिन पहले ही दामाद लड़ झगड़ कर लिवाकर लाया था। सुसराल वाले बेटी को बहुत प्रताड़ित करते थे। उसने दामाद और उसके परिजनों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की, ताकि उनकी बेटी और उसकी दोनों बेटियों को न्याय मिल सके। मृतका के पति रामकृष्ण लोधी ने बताया हम लोग खेत गए थे। जब शाम 6 बजे घर आए तो घर पर पत्नी नहीं मिली, जिसकी खोज करते रात करीब 10 बजे कुंए पर पहुंचे, जहां पत्नी, दोनों बेटियों के साथ मृत हालत में मिली। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई।
इस संबंध में विमलेश राय, थाना प्रभारी सुल्तानगंज का कहना है कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। बुधवार की रात घटना की सूचना प्राप्त हुई, जिस पर मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाकर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुल्तानगंज अस्पताल चहुंचाया, जहां गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया गया। इस मामले में हर पहलु की बारीकी से जांच की जा रही है।





